हल्द्वानी: कुछ सेकेंड में खत्म हो गई जिंदगी! लापरवाह ड्राइविंग ने ले ली एक और जान ई-रिक्शा की टक्कर से दर्दनाक मौत, CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

Haldwani: A life lost in seconds! Reckless driving claimed another life. A tragic death in an e-rickshaw collision, the horrific scene captured on CCTV.

हल्द्वानी में एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। रोजमर्रा की तरह वॉक करते हुए सड़क पार कर रहे कारोबारी नरेश चंद्र तिवारी को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह वॉक उनकी जिंदगी की आखिरी वॉक बन जाएगी। तेज रफ्तार से आए ई-रिक्शा ने उन्हें ऐसी टक्कर मारी कि पूरा परिवार गहरे सदमे में चला गया। इस दर्दनाक हादसे का वीडियो सामने आने के बाद शहर में शोक और गुस्से का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक यह हादसा नवाबी रोड चौराहे के पास उस समय हुआ, जब नरेश तिवारी सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि तेज गति से आया ई-रिक्शा सड़क पार कर रहे नरेश चंद्र तिवारी से टकरा जाता है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल को तत्काल उपचार के लिए बेस अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी मीना पांडे हल्द्वानी एलआईयू में तैनात हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इस मामले में एसपी सिटी मनोज कत्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। साथ ही फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर चुकी है।

कोतवाली क्षेत्र में हुए इस भीषण सड़क हादसे ने यातायात नियमों की अनदेखी और लापरवाह ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है। हल्द्वानी में इस तरह आए दिन में गाड़ी,बाइक,ई रिक्शा इत्यादि वाहन तेज गति में चलाने और अनियंत्रित होकर लोगों को घायल करने की खबरें सामने आती है लेकिन इन पर कोई लगाम नहीं लग पा रही है। कल हुई यह घटना शहर में ऐसी ही सड़क सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती नजर आ रही है।