गुड़ मॉर्निंग इंडिया: फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम! उत्तराखंड में अनाथ बच्चों को सरकारी नौकरियों में मिलेगा आरक्षण, शासनादेश जारी
नमस्कार दोस्तों, गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर आवाज 24x7 एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज BJP के स्थापना दिवस पर PM मोदी कार्यकर्ताओं को वर्चुअली संबोधित करेंगे। वहीं आज IPL में KKR और मुंबई इंडियंस के बीच शाम 7:30 बजे से मुकाबला होगा। इधर आज रूस पर नए प्रतिबंध लगाने के लिए यूरोपियन यूनियन के नेता मीटिंग करेंगे।
अब अभी तक कि बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं। नकदी की कमी से जूझ रहे श्रीलंका ने नॉर्वे और इराक में अपनी एम्बेसी बंद कर दी हैं। फॉरेन करेंसी न होने से देश की इकोनॉमी ढह गई है। सरकार की नीतियों के विरोध में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। इनमें पूर्व क्रिकेटर सनथ जयसूर्या, रोशन महानामा और मर्वन अटापट्टू भी शामिल हैं। देश में 3 महीने पहले 500 रुपए किलो मिलने वाला सेब अब 1000 रुपए का है। चावल की कीमतें 100% तक बढ़ी हैं।
उधर IPL के 13वें मैच में बेंगलुरु ने राजस्थान को 4 विकेट से हरा दिया। बेंगलुरु को जीत के लिए 170 रन बनाने थे। यह टारगेट उसने 20वें ओवर में हासिल कर लिया। शाहबाज अहमद ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए। दिनेश कार्तिक 44 रन पर नाबाद रहे। कोहली सिर्फ 5 रन बना पाए। राजस्थान के लिए जोस बटलर ने 70 रनों की तेज पारी खेली। बेंगलुरु के खिलाफ राजस्थान की यह लगातार 5वीं हार है।
इधर तेल कंपनियों की तरफ से आज फिर पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोल के दाम 74 से 84 पैसे तक बढ़े हैं तो डीजल के दाम भी 75 से 85 पैसे तक बढ़े हैं। दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल 105.41 रुपये प्रति लीटर जबकि डीजल 96.67 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।
इधर दिल्ली में तीन नगर निगम को मिलाकर एक बनाने की राह साफ हो गई है। केंद्र सरकार की तरफ से पेश इस प्रस्ताव पर मंगलवार को राज्यसभा ने भी मंजूरी की मुहर लगा दी। इससे पहले यह प्रस्ताव लोकसभा में पारित हो चुका है। अब इस प्रस्ताव को फाइनल मंजूरी के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पास भेजा गया है। राष्ट्रपति की मंजूरी मिलते ही दिल्ली साउथ, ईस्ट और नॉर्थ MCD को मिलाकर एक कर दिया जाएगा।
अब उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने में एक माह का समय शेष है, लेकिन पूजाओं की आनलाइन बुकिंग अभी से शुरू हो गई है। श्रद्धालु श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की वेबसाइट पर जाकर अपनी सुविधा के अनुसार पूजाओं की बुकिंग कर सकता है। उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड भंग होने के बाद मंदिर समिति ने वेबसाइट को दोबारा सुचारु किया है।
उधर राज्य सरकार ने कोरोना के दौर में अनाथ हुए बच्चों को सरकारी नौकरियों में पांच प्रतिशत आरक्षण का आदेश जारी किया था। इस आदेश के बाद नौकरियों में आरक्षण देने को लेकर भारी असमंजस था। अब शासन ने एक शासनादेश जारी कर इससे जुड़ीं सभी कठिनाइयों को दूर कर दिया है।