गयाजी में महामहिम का मार्गदर्शन: बिहार के विधायकों का दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम आज से, उपराष्ट्रपति करेंगे उद्घाटन
बिहार के विधायकों को संसदीय गरिमा, विधायी बारीकियों और जनहित के मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाने का गुर सिखाने के लिए आज से गयाजी में दो दिवसीय प्रबोधन (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम की शुरुआत हो रही है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का उद्घाटन आज, शनिवार 11 जुलाई को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन करेंगे। बिहार विधानसभा सचिवालय, लोकसभा (प्राइड) और बिपार्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार शाम से ही विधायकों और अतिथियों का गयाजी पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है।
गयाजी में पहली बार हो रहे इस बड़े समागम में बिहार की सियासत के सभी शीर्ष चेहरे एक साथ नजर आएंगे। कार्यक्रम में बिहार के महामहिम राज्यपाल सैयद आता हुसैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, दोनों उपमुख्यमंत्री, विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह और उपाध्यक्ष नरेंद्र यादव मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति भी इस गरिमामयी अवसर के साक्षी बनेंगे। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष (स्पीकर) डॉ. प्रेम कुमार ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम विधायकों की कार्यशैली को और निखारने में मील का पत्थर साबित होगा। दो दिनों तक चलने वाले इस प्रबोधन कार्यक्रम के दौरान कुल 7 विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में देश के जाने-माने संसदीय विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारी विधायकों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। सदन की मर्यादा और नियमावली की बारीकियां। एक जनप्रतिनिधि के रूप में क्या करें और क्या न करें। जनता के सवालों पर सरकार को घेरने और जवाबदेही तय करने के नियम। राज्य के बजट को समझना और विधायी बहसों में हिस्सा लेना। विधायकों के कानूनी अधिकार और उनका दायरा। डिजिटल युग में ई-विधानसभा और नई तकनीकों को अपनाना। वही गयाजी में देश और राज्य के शीर्ष दिग्गजों के जमावड़े को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं। शनिवार सुबह 8 बजे से ही शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है ताकि वीआईपी मूवमेंट में कोई बाधा न आए। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थानीय जनता से भी इस वीआईपी आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सहयोग की अपील की है। पक्ष और विपक्ष के सभी विधायकों के ठहरने, भोजन और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।