Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: यूपी-उत्तराखंड समेत 10 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट! केंद्र ने घटाए पेट्रोल-डीजल के दाम, पढ़ें 16 साल के चेस मास्टर रामबाबू का कमाल

Good Morning India: Yellow alert of rain in 10 states including UP-Uttarakhand! Center reduced the price of petrol and diesel, read the miracle of 16 year old chess master Rambabu

नमस्कार दोस्तों, गुड़ मॉर्निंग इंडिया लेकर आवाज 24x7 एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। शुरुआत आज के प्रमुख कार्यक्रमों से करते है, आज उत्तराखंड में खराब मौसम के अलर्ट के बीच सिखों के प्रसिद्ध तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट खुलेंगे। उधर आज तेलंगाना के CM आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों के परिवारों को 3 लाख रुपए की मदद देंगे। वहीं आज IPL के आखिरी लीग मैच में हैदराबाद और पंजाब के बीच शाम 7:30 बजे से मुकाबला होगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। केरल और कर्नाटक से होते हुए प्री-मानसून आज उत्तर भारत में दस्तक दे सकता है। पाकिस्तान की ओर से बन रहे विक्षोभ के कारण आज उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, बिहार, झारखंड समेत अन्य राज्यों में फुहारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने आज कई राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट में जारी किया है। साथ ही तेज हवाएं चलने से गर्मी से राहत मिलने की भी उम्मीद है।

इधर 16 साल के चेस मास्टर रामबाबू प्रज्ञानानंद ने 4 महीने में दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन मैग्नस कॉर्लसन को हरा दिया। कॉर्लसन वही हैं, जो 5 बार के वर्ल्ड चैंपियन विश्वनाथन आनंद को हराकर विश्व विजेता बने थे। ड्रॉ की ओर बढ़ रहे मैच में कार्लसन ने अपने काले घोड़े की चाल गलत चल दी। रामबाबू ने इसी का फायदा उठा लिया। रामबाबू ने बाद में कहा कि मैं इस तरह नहीं जीतना चाहता था।

उधर रिजर्व बैंक ने सभी बैंकों से कहा है कि वे अपने ATM पर कार्डलेस कैश विड्रॉल की सुविधा दें। RBI ने इसके लिए एक सर्कुलर जारी किया है। इस फैसिलिटी से बिना कार्ड के किसी भी ATM से पैसे निकाले जा सकेंगे। इसके लिए सिर्फ UPI की जरूरत होगी। बस आपको मोबाइल पिन जनरेट करना होगा। अब तक सभी बैंकों में यह सुविधा नहीं है और इसमें 5 हजार की ट्रांजैक्शन लिमिट भी है।

इधर केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर 8 रुपए और डीजल पर 6 रुपए लीटर एक्साइज ड्यूटी कम कर दी है। इससे आधी रात से पेट्रोल 9.50 रुपए और डीजल 7 रुपए लीटर सस्ता हो गया। केंद्र के ऐलान के बाद केरल सरकार ने भी पेट्रोल पर 2.41 रुपए और डीजल पर 1.36 रुपए टैक्स की कटौती कर दी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि उज्जवला योजना वाले सिलेंडरों पर भी 200 रुपए सब्सिडी दी जाएगी।

उधर चारधाम में हृदयगति रुकने से मरने वालों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को केदारनाथ में तीन और बदरीनाथ में एक श्रद्धालु ने हृदयगति रुकने से दम तोड़ दिया। इसके साथ ही केदारनाथ में अब तक 25 और बदरीनाथ में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। जबकि, चारों धाम में यह संख्या 58 पहुंच गई है।

उधर उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। शुक्रवार रात अंधड़ और बौछार के बाद शनिवार को ज्यादातर क्षेत्रों में आसमान साफ रहा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रदेश में दस्तक देने से अगले तीन दिन मौसम फिर बदल सकता है और बारिश के साथ ही आंधी तूफान की संभावना है। 

उधर 32 घंटे के बाद आखिरकार यमुनोत्री हाईवे स्याना चट्टी रानाचटटी के बीच बड़े वाहनों के लिए खोला दिया गया। यमुनोत्री हाईवे शुक्रवार सुबह सात बजे से बड़े वाहनों के लिए बंद हो गया था। शनिवार चार बजे हाईवे पर बड़े वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई। हाईवे पर आवाजाही के बाद यमुनोत्री धाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं के साथ पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।