Oct 11, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: सोनिया गांधी के निजी सचिव पर रेप का आरोप! फिलहाल वापस नही लौटेंगे बागी, मौसम को लेकर उत्तराखंड में बड़ा अलर्ट

Good Morning India: Sonia Gandhi's personal secretary accused of rape! Rebels will not return for the time being, big alert in Uttarakhand regarding weather

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24x7 आज के प्रमुख कार्यक्रमों और बड़ी खबरों के साथ एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आइए शुरुआत आज के प्रमुख कार्यक्रमों से करते हैं, आज जमीन घोटाले के मामले में शिवसेना सांसद संजय राउत ED के सामने पेश हो सकते हैं। वहीं आज G-7 समिट में हिस्सा लेने के बाद PM मोदी एक दिन के लिए संयुक्त अरब अमीरात जाएंगे। उधर आज भारत और आयरलैंड के बीच टी-20 सीरीज का दूसरा मैच रात 9 बजे से खेला जाएगा।

बड़ी खबरों की बात करें तो कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के निजी सचिव पर बड़ा आरोप लगा है। दिल्ली के उत्तम नगर थाने में एक दलित महिला ने सोनिया के निजी सचिव पीपी माधवन के खिलाफ नौकरी और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज करवाया है। 26 जून को दिल्ली के उत्तम नगर थाने में FIR दर्ज की गई है।

उधर शिवसेना के बागी विधायकों को 12 जुलाई तक गुवाहाटी में ही रखने की तैयारी है। गुवाहाटी के जिस होटल में शिंदे गुट के विधायक ठहरे हुए हैं, उसकी बुकिंग 12 जुलाई तक के लिए बढ़ा दी गई है। इस तारीख तक होटल में आम लोगों के लिए कोई भी रूम उपलब्ध नहीं है। सुप्रीम कोर्ट बागी विधायकों को अयोग्य ठहराने वाले डिप्टी स्पीकर के नोटिस पर जवाब देने पर 11 जुलाई को सुनवाई करेगा।

इधर फैक्ट-चेकिंग वेबसाइट AltNews के को-फाउंडर, पत्रकार मोहम्मद जुबैर को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अरेस्ट कर लिया है। जुबैर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है। पुलिस ने उन्हें आईपीसी की धारा 153/295 के तहत अरेस्ट किया है। भाजपा की निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा और निष्कासित नेता नवीन कुमार जिंदल द्वारा पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित विवादास्पद टिप्पणी को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए थे, इसके साथ ही कुछ जगहों पर हिंसा भड़क गई थी। कथित तौर पर इन प्रदर्शनों को भी ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर द्वारा ही हवा दी गई थी।

उधर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मास्टरमाइंड गैंगस्टर लॉरेंस अब अमृतसर पुलिस की कस्टडी में रहेगा। अमृतसर के राणा कंदोवालिया हत्याकांड में मानसा कोर्ट ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है। उसे अमृतसर कोर्ट में पेश कर वहां पुलिस रिमांड लिया जाएगा। लॉरेंस फिलहाल पंजाब पुलिस की कस्टडी में ही रहेगा। पंजाब में उसके खिलाफ जितने भी केस दर्ज हैं। सभी में लॉरेंस को पुलिस रिमांड पर लेकर गिरफ्तार करेगी।

इधर जॉर्डन के अकाबा बंदरगाह पर एक टैंकर से जहरीली गैस के रिसाव से कई लोगों की मौत हो गई और सैकड़ों की संख्या में लोग घायल हो गए हैं। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, जहरीली गैस से भरा एक टैंक गिरने के बाद गैस रिसाव होने लगी, जिसके बाद कई लोग इसकी चपेट में आ गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने के बाद इलाके को सील कर दिया गया है। रिसाव से निपटने के लिए टीम भेजी गई है।

उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो यहां देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। समूचे कुमाऊं और गढ़वाल के पर्वतीय क्षेत्रों में झमाझम वर्षा का क्रम शुरू हो गया है। पर्वतीय इलाकों में कई जगह वर्षा आफत बन गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में भारी वर्षा को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और नदी-नालों के उफान पर आने की चेतावनी दी गई है।

उधर कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय देहरादून में आयोजित अंतरराज्यीय समन्वय बैठक में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, रेलवे सुरक्षा बल और अभिसूचना ब्यूरो के अधिकारियों ने प्रत्यक्ष व आनलाइन प्रतिभाग किया।