गुड़ मॉर्निंग इंडिया: तूफान को लेकर रेड अलर्ट जारी! ट्विटर पर ट्रंप की होगी वापसी, लिंक में पढ़ें उत्तराखंड में कहां दुल्हन ने लौटाई चौखट पर आई बारात
गुड़ मॉर्निंग इंडिया, आज के प्रमुख कार्यक्रमों और अभी तक की बड़ी खबरों के साथ आवाज 24x7 एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। प्रमुख कार्यकर्मों की बात करें तो आज प. बंगाल में मुकुल रॉय की विधानसभा सदस्यता पर कोर्ट में सुनवाई की जाएगी। वहीं आज भाजपा अध्यक्ष नड्डा 10-11 मई को हनुमानगढ और श्रीगंगानगर का दौरा करेंगे। उधर आज IPL का 58वां मैच राजस्थान और दिल्ली के बीच शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा।
अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं। सुप्रीम कोर्ट ने देशद्रोह कानून पर केंद्र सरकार से बुधवार 11 मई तक स्पष्ट जवाब मांगा है। सख्त अंदाज में टॉप कोर्ट ने केंद्र से पूछा है कि IPC 124-A एक्ट के तहत अब केस दर्ज होंगे या नहीं? अब तक जो केस दर्ज हुए हैं, उनका क्या होगा? साथ ही पूछा है कि इस कानून पर पुनर्विचार प्रक्रिया पूरी नहीं होने तक 124ए के तहत मामलों को स्थगित रखने का निर्देश राज्यों को क्यों नहीं दिया गया है? सरकार को पुनर्विचार में लगने वाला समय भी बताने को कहा है।
उधर पूर्व केंद्रीय संचार मंत्री और कांग्रेस नेता पंडित सुखराम नहीं रहे। 95 साल की उम्र में उन्होंने दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली। तीन दिन पहले ही उन्हें ब्रेन स्ट्रोक के इलाज के लिए हिमाचल से दिल्ली लाया गया था। सुखराम के बेटे अनिल शर्मा ने इसकी जानकारी दी है।
इधर साइक्लोन असानी ने 24 घंटे में ही अपना रास्ता बदल लिया है। मंगलवार तक ओडिशा और बंगाल की खाड़ी की ओर जाने की आशंकाओं के बीच चक्रवात ने आंध्र प्रदेश की ओर रुख कर लिया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया। यानी तूफान राज्य में तबाही मचा सकता है।
उधर टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क ने कहा है कि वह अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर लगे ट्विटर के स्थायी प्रतिबंध को वापस ले लेंगे। ट्विटर के अधिग्रहण की योजना को अमलीजामा पहना रहे मस्क ने कारों के भविष्य को लेकर आयोजित एक सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही।
वहीं उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो यहां चारधाम यात्रा पर आ रहे श्रद्धालुओं की हृदयाघात से हो रही मौत के मामले का प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने संज्ञान लिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने चारधाम में मंगलवार देर शाम तक हुई 21 मौत के बारे में विवरण तलब किया है।
उधर कोटद्वार में भाबर के झंडीचौड़ पूर्वी क्षेत्र में एक दुल्हन ने शराब के नशे में धुत दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया। दोनों पक्षों ने दुल्हन को मनाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मानी। अंत में दुल्हन ने पूरी बरात को लौटा दिया। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। दुल्हन की हिम्मत और निर्णय की लोग सराहना कर रहे हैं।