Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: नेशनल हेराल्ड केस में आज राहुल गांधी से फिर होगी पूछताछ! उत्तराखंड में सड़क पर हुई प्रसूता की डिलीवरी, लिंक में पढ़ें भारत हिंसा का पाक कनेक्शन

Good Morning India: Rahul Gandhi will be questioned again today in the National Herald case! Delivery of obstetrician on road in Uttarakhand, read in the link Pak connection of India violence

गुड़ मॉर्निंग इंडिया, आज के प्रमुख कार्यक्रमों और अभी तक की बड़ी खबरों के साथ आवाज 24x7 एक बार फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। प्रमुख खबरों से शुरुआत करते हैं, आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महाराष्ट्र के दौरे पर रहेंगे, इस दौरान वे मुंबई और पुणे में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं आज 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन की जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। उधर आज भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मैच शाम 7 बजे से विशाखापट्टनम में होगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, नेशनल हेराल्ड केस में आज राहुल गांधी से लगातार दूसरे दिन प्रवर्तन निदेशालय (ED) पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी ने सोमवार को राहुल गांधी से करीब 9 घंटे पूछताछ की थी। राहुल ने देर रात तक हो रही पूछताछ के दौरान ED के अफसर से कहा कि 'क्या रात को यही रोकने का इरादा है। यदि हां, तो मैं डिनर के बाद आऊं।'

इधर पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के बाद भारत में हुई हिंसा के तार विदेश से जुड़ रहे हैं। पाकिस्तान समेत कुछ देशों से 60 हजार नान वेरिफाइड अकाउंट के जरिए झूठी और भड़काऊ बातें पोस्ट की गईं। इनमें से 7 हजार से ज्यादा अकाउंट पाकिस्तान से चल रहे थे। फर्जी खबरों पर नजर रखने वाले डिजिटल फोरेंसिक रिसर्च एंड एनालिटिक्स सेंटर ने इसका खुलासा किया है।

उधर राजस्थान में एक बार फिर आरक्षण के लिए आंदोलन शुरू हो गया है। माली, कुशवाहा शाक्य और मौर्य समाज ने अलग से 12% आरक्षण की मांग कर भरतपुर में आगरा-जयपुर हाईवे जाम कर दिया। लोग लाठियां लेकर हाईवे पर बैठे हैं। अफवाहें रोकने के लिए प्रशासन ने 24 घंटे के लिए 4 कस्बों में इंटरनेट बंद कर दिया। सरकार ने मंत्री विश्वेंद्र सिंह को प्रदर्शनकारियों से बातचीत का जिम्मा सौंपा है।

इधर IPL के अगले 5 सीजन के मीडिया राइट्स की नीलामी दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान भारतीय उपमहाद्वीप के लिए टीवी और डिजिटल राइट्स 44,075 करोड़ रुपए में बिके। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टार ने TV राइट्स 23,575 करोड़ रुपए में और रिलायंस की कंपनी वायकॉम 18 ने डिजिटल राइट्स 20,500 करोड़ रुपए में खरीदे हैं। BCCI ने विजेता कंपनियों की घोषणा नहीं की है।

उधर स्टॉकहोम के इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट यानी सिप्री ने परमाणु हथियारों पर एक रिपोर्ट जारी की। इसमें कहा गया है कि रूस-यूक्रेन जंग का असर एटमी हथियारों के जखीरे पर दिखेगा। सिप्री के मुताबिक, भारत और पाकिस्‍तान परमाणु हथियार बढ़ा रहे हैं। भारत के पास एटमी वारहेड 156 से बढ़कर 160 हो गए हैं। हालांकि, भारत अपने हथियारों का ऑफिशियल डेटा शेयर नहीं करता है।

इधर रांची में 10 जून को हुई हिंसा के मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान मोहम्मद आरिफ उर्फ रिंकू खान, बेलाल अंसारी, मोहम्मद अशफाक मंसूर , मोहम्मद अनिश और मोहम्मद दानिश खान के रूप में हुई है। इनमें से तीन डोरंडा इलाके के हैं। जबकि, दो अन्य सुखदेव नगर और अनगड़ा थाना क्षेत्र के हैं। पुलिस ने अब तक 42 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह जानकारी सोमवार को रांची पुलिस ने दी है।

उधर मध्य प्रदेश, हरियाणा व पंजाब सहित कई राज्यों में तेल कंपनियां मांग के अनुपात में पेट्रोल व डीजल की आपूर्ति नहीं कर रही हैं। मध्य प्रदेश में तो आपूर्ति 50 प्रतिशत तक प्रभावित हुई है। ऐसा क्यों हो रहा है, इस बारे में जानने के लिए तेल कंपनियों के पदाधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई, मगर किसी ने भी खुलकर बात नहीं की। ऐसी चर्चा जरूर है कि पेट्रोल व डीजल पर घाटे की बात कर ऐसा किया जा रहा है।

उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो यहां उत्तरकाशी में रवाईं घाटी के प्रमुख बाजार पुरोला में आए दिन लगने वाले जाम से सोमवार को एक प्रसूता की जान खतरे में पड़ गई। प्रसव के दर्द से तड़प रही प्रसूता को सड़क पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला में भर्ती कराया गया है।

उधर प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी ने बेहाल किया हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक आने वाले चौबीस घंटे में मैदानी क्षेत्रों में गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। केवल पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।