Good Morning India: ईरान के ड्रोन हमलों से दहला उत्तरी इराक,ग्लास्गो में भारत का दमदार प्रदर्शन,एक और स्वर्ण के साथ 10 पदक,रुद्रपुर में पुलिस मुठभेड़ के बाद गैंगरेप के तीन दरिंदे गिरफ्तार, एक आरोपी के पैर में लगी गोली,लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें!

Good Morning India: Northern Iraq shaken by Iranian drone attacks; India puts up a strong performance in Glasgow, reaching a tally of 10 medals including another gold; three perpetrators of a gang-ra

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एक फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।

बीजिंग वार्ता से बदले रिश्तों के संकेत: सीमा पर शांति, व्यापार और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ाने पर भारत-चीन की सहमति

पश्चिम एशिया में फिर भड़का तनाव: ईरान के ड्रोन हमलों से दहला उत्तरी इराक, एरबिल में गूंजे धमाके

पेपर लीक कानून पर आज संसद में महासंग्राम: गतिरोध खत्म, सरकार-विपक्ष आमने-सामने

ग्लास्गो में भारत का दमदार प्रदर्शन: एक और स्वर्ण के साथ 10 पदक, पदक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंचा देश

जंतर-मंतर आंदोलन: सिर्फ सरकारी एफआईआर होंगी वापस, महिला पत्रकारों से छेड़छाड़ और मारपीट के मामलों में जारी रहेगी कार्रवाई

संसद में आज परीक्षा सुधारों पर महामंथन: एंटी पेपर लीक विधेयक पर 6 घंटे चर्चा, सरकार-विपक्ष आमने-सामने

पीओके में भारी बवाल: रावलकोट में प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी, 1 की मौत, मुजफ्फराबाद मार्च के बाद बिगड़े हालात

रैगिंग के मामलों में यूपी देश में सबसे आगे: सख्त नियमों के बाद भी नहीं थम रही गुंडागर्दी, पूर्वोत्तर के राज्यों ने पेश की मिसाल

पीएम मोदी से मिले स्काईरूट एयरोस्पेस के संस्थापक: निजी स्पेस सेक्टर के भविष्य पर चर्चा, 'विक्रम-1' की सफलता को सराहा

69000 शिक्षक भर्ती: 'पुराने शिक्षकों की नौकरी रहे सुरक्षित, पात्रों का हो समायोजन', सुप्रीम कोर्ट में सरकार का हलफनामा

रामगंगा बांध परिसर में घुसा विशाल टस्कर हाथी, कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी,वीडियो वायरल

आसन कंजर्वेशन रिजर्व विवाद: प्रशासन की संयुक्त जांच में अवैध खनन का दावा खारिज, कुछ पट्टों पर अनुमति का पेंच बरकरार

उत्तराखंड में कुदरत का कहर: पहाड़ से मैदान तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, फ्लैश फ्लड की चेतावनी, 4 जिलों में स्कूल बंद

रुद्रपुर गैंगरेप मामला: पुलिस मुठभेड़ के बाद तीनों दरिंदे गिरफ्तार, एक आरोपी के पैर में लगी गोली

मिलावट पर बड़ा प्रहार: हरिद्वार में मिल्क पाउडर और 'फॉरेन फैट' से बन रहा था जहरीला पनीर, गुज्जर डेयरी पर छापा

भारी बारिश से केदारनाथ यात्रा की रफ्तार पड़ी धीमी, यमुनोत्री हाईवे कई जगह ठप

हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ-नई दिल्ली। भारत और चीन के बीच रिश्तों में नई सकारात्मक शुरुआत के संकेत बीजिंग में हुई उच्चस्तरीय वार्ता से मिले हैं। सोमवार को भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री और चीन की विदेश मामलों की उप-मंत्री हुआ चुनयिंग के बीच हुई बैठक में दोनों देशों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिरता बनाए रखने पर सहमति जताते हुए व्यापार, आर्थिक सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई गति देने पर जोर दिया। बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की व्यापक समीक्षा की और नेताओं के उस साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने पर चर्चा की, जिसमें भारत और चीन एक-दूसरे के विकास के साझेदार और अवसर के रूप में देखे जाते हैं। बैठक में व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने, लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने तथा सांस्कृतिक सहयोग को विस्तार देने पर भी विचार-विमर्श हुआ। विदेश सचिव विक्रम मिस्री की आधिकारिक चीन यात्रा के दौरान उन्होंने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी की केंद्रीय समिति के अंतरराष्ट्रीय विभाग की उप-मंत्री सुन हैयान और चीनी पीपुल्स पॉलिटिकल कंसल्टेटिव कॉन्फ्रेंस के उप-महासचिव होंग लियांग से भी मुलाकात की। इन बैठकों में राजनीतिक संवाद, शैक्षणिक सहयोग, थिंक-टैंक आदान-प्रदान और आपसी प्राथमिकता वाले मुद्दों के समाधान पर चर्चा हुई। गौरतलब है कि हाल ही में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी स्पष्ट किया था कि भारत-चीन संबंधों की सामान्य बहाली के लिए सीमावर्ती इलाकों में स्थिरता अनिवार्य है। बीजिंग में हुई ताजा वार्ताएं इस दिशा में दोनों देशों की बढ़ती कूटनीतिक सक्रियता और आपसी विश्वास बहाल करने की कोशिशों को मजबूत संकेत देती हैं।

बगदाद। पश्चिम एशिया में पिछले करीब पांच महीनों से जारी संघर्ष के बीच ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। सोमवार रात उत्तरी इराक के कई इलाकों में हुए ड्रोन हमलों ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, ईरान की ओर से दागे गए कम से कम चार ड्रोन ने एरबिल के उत्तर-पूर्व स्थित खलिफान और सोरान क्षेत्रों को निशाना बनाया, जिससे कई स्थानों पर भीषण आग लग गई। दो ड्रोन दुर्घटनाग्रस्त होकर गिर गए। हमलों के बाद इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र की राजधानी एरबिल में कम से कम सात जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ धमाके अमेरिकी कांसुलेट के आसपास भी हुए। इसके तुरंत बाद एरबिल के आसमान में 10 से अधिक अमेरिकी युद्धक विमान और ड्रोन गश्त करते देखे गए, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए। इस बीच ईरान के सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि इराक के अनबर प्रांत में एक अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया गया है। हालांकि, इस दावे की अब तक अमेरिकी या इराकी अधिकारियों ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ताजा घटनाक्रम के बाद खाड़ी देशों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ईरान और अमेरिका के बीच तनाव और गहराता है, तो इसका असर क्षेत्रीय शांति के साथ-साथ वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर भी पड़ सकता है। पूरी दुनिया की नजर अब इस संकट के अगले घटनाक्रम पर टिकी हुई है।

नई दिल्ली। लगातार हंगामे के कारण बाधित संसद के मानसून सत्र में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिलेगा। लोकसभा में 'सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026' पर चर्चा होगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल के बाद सरकार और विपक्ष के बीच सहमति बनने से संसद का रुका हुआ विधायी कामकाज फिर से पटरी पर लौटने की उम्मीद है। पिछले एक सप्ताह से नीट पेपर लीक, छात्रों के आंदोलन और पुलिस लाठीचार्ज के मुद्दे पर दोनों सदनों में लगातार हंगामा हो रहा था। विपक्ष छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और मामले पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहा था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित कई नेताओं ने सरकार को इस मुद्दे पर घेरा था। गतिरोध समाप्त कराने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सभी दलों से संवाद किया और आश्वासन दिया कि विपक्ष को अपनी बात रखने के लिए छह घंटे से अधिक समय दिया जाएगा। वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल कानून पारित कराना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाना है जिससे भविष्य में पेपर लीक और परीक्षा में धांधली की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सके। सरकार इस विधेयक को परीक्षा प्रणाली में बड़ा सुधार बता रही है, जबकि विपक्ष इसे छात्रों के अधिकारों और सरकारी जवाबदेही से जोड़कर देख रहा है। ऐसे में आज की बहस न केवल संसद के गतिरोध को समाप्त कर सकती है, बल्कि देश में परीक्षा सुधारों को लेकर नई राष्ट्रीय चर्चा की दिशा भी तय कर सकती है।

ग्लास्गो। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। छठे दिन भारत ने एक और स्वर्ण पदक अपने नाम कर कुल 10 पदकों के साथ पदक तालिका में आठवां स्थान हासिल कर लिया। भारत के खाते में अब 2 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक हैं, जबकि 26 स्वर्ण सहित कुल 59 पदकों के साथ ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर बना हुआ है। भारत को नया स्वर्ण पैरा एथलेटिक्स में शर्मिला धनखड़ ने महिला शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में दिलाया। उन्होंने 9.81 मीटर का सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में भारत की आपत्ति स्वीकार होने के बाद शिल्पा शायला को कांस्य पदक भी प्रदान किया गया। मुक्केबाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। सचिन सिवाच, अंकुश और साक्षी चौधरी अपने-अपने वर्ग के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं और अब पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं। हालांकि पुरुषों के 70 किलोग्राम वर्ग में भारतीय मुक्केबाज सुमित को करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले भारोत्तोलक वल्लूरी अजय बाबू ने 79 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि सर्वेश कुशारे पुरुषों की ऊंची कूद में रजत जीतने वाले पहले भारतीय बनकर इतिहास रच दिया। भारतीय दल का यह प्रदर्शन आगामी मुकाबलों के लिए भी पदकों की नई उम्मीदें जगा रहा है।

नई दिल्ली। जंतर-मंतर पर 36 दिनों तक चले आंदोलन और 20 जुलाई के संसद मार्च के दौरान दर्ज की गईं सभी एफआईआर वापस नहीं होंगी। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि केवल वही मामले वापस लिए जाएंगे जो पुलिस या राज्य की ओर से दर्ज किए गए हैं। वहीं, निजी शिकायतों पर आधारित आपराधिक मामलेजैसे महिला पत्रकारों से छेड़छाड़ और मारपीट कानून के मुताबिक जारी रहेंगे। विशेष पुलिस आयुक्त देवेश चंद श्रीवास्तव के अनुसार, आंदोलन के दौरान कुल करीब 20 एफआईआर दर्ज की गई थीं। इनमें से लगभग 15 मामले बिना अनुमति प्रदर्शन, हिंसा और कानून-व्यवस्था से जुड़े हैं, जबकि 5 मामले निजी शिकायतों पर आधारित हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गंभीर और निजी शिकायतों वाले मामलों को सरकार या पुलिस अपने स्तर पर वापस नहीं ले सकती; इनमें आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। सरकारी एफआईआर को समाप्त करने के लिए एक तय कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। केंद्र से निर्देश मिलने के बाद दिल्ली पुलिस उपराज्यपाल को मुकदमे वापस लेने का प्रस्ताव भेजेगी। एलजी की मंजूरी मिलने के बाद पुलिस संबंधित अदालत में अर्जी दाखिल करेगी। अंतिम फैसला अदालत ही करेगी कि मुकदमा वापस होगा या नहीं। इसके अलावा, चार्जशीट न होने पर क्लोजर रिपोर्ट, हाईकोर्ट से एफआईआर रद्द कराने या छोटे मामलों के लिए लोक अदालत का विकल्प भी मौजूद है। इस निर्णय से साफ है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को राहत मिलेगी, लेकिन हिंसा व अभद्रता करने वाले आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया का सामना करना पड़ेगा।

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र में एक सप्ताह से जारी गतिरोध समाप्त होने के बाद मंगलवार को लोकसभा में परीक्षा सुधारों से जुड़े एंटी पेपर लीक विधेयक पर महत्वपूर्ण चर्चा होगी। इस बहस के लिए छह घंटे का समय निर्धारित किया गया है। हालांकि, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आवश्यकता पड़ने पर चर्चा का समय बढ़ाने का भी आश्वासन दिया है। देशभर में हुए 36 दिनों के छात्र आंदोलन, नीट पेपर लीक विवाद और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद यह चर्चा बेहद अहम मानी जा रही है। सरकार ने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए नंदन निलेकणि की अध्यक्षता में टास्क फोर्स का गठन किया है। सरकार का दावा है कि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े और प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। सोमवार को संसद में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया और पहले इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से माफी और गृह मंत्री के बयान की मांग उठाई। हालांकि, स्पीकर ओम बिरला की पहल से सरकार और विपक्ष के बीच सहमति बनी और गतिरोध समाप्त हो गया। आज होने वाली बहस में सत्ता पक्ष की ओर से बांसुरी स्वराज सहित कई सांसद सरकार का पक्ष रखेंगे, जबकि विपक्ष की ओर से राहुल गांधी, अखिलेश यादव और महुआ मोइत्रा सरकार को घेरेंगे। माना जा रहा है कि यह चर्चा न केवल परीक्षा सुधारों की दिशा तय करेगी, बल्कि युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में भरोसा बहाल करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।

मुजफ्फराबाद। पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में पिछले 52 दिनों से चल रहा जनआंदोलन सोमवार को बेहद खूनी और हिंसक हो गया। रावलकोट में मुजफ्फराबाद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से की गई अंधाधुंध गोलीबारी में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हिंसा जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी और स्थानीय प्रशासन के बीच बातचीत विफल होने के बाद भड़की। जेएएसी ने प्रशासन को अपनी मांगें जिनमें गिरफ्तार लोगों की रिहाई, दर्ज मुकदमों की वापसी और अन्य सामाजिक मांगें शामिल हैं पूरा करने के लिए 27 जुलाई दोपहर 1 बजे तक का अल्टीमेटम दिया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद जब सहमति नहीं बनी, तो हजारों लोग सड़कों पर उतर आए और मुजफ्फराबाद की तरफ बढ़ने लगे, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने बल प्रयोग किया। प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो संदेशों के अनुसार, रावलकोट में हालात बेहद गंभीर हैं। इलाके में घायलों की संख्या इतनी अधिक है कि एंबुलेंस और वाहनों की भारी कमी पड़ गई है। लोग अपने साथियों को खुद ही उठाकर अस्पताल ले जाने पर मजबूर हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और वैश्विक मीडिया से इस स्थिति पर ध्यान देने की अपील की है। अल्टीमेटम खत्म होने के बाद शुरू हुए इस मार्च और हिंसा के बाद पूरे इलाके में तनाव चरम पर है तथा हालात अनियंत्रित बने हुए हैं।

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट की निगरानी और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के कड़े नियमों के बावजूद देश के उच्च शिक्षण संस्थानों में रैगिंग का जहर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, रैगिंग के मामलों में उत्तर प्रदेश पूरे देश में शीर्ष पर बना हुआ है। वर्ष 2022 से जुलाई 2026 तक देशभर में रैगिंग की कुल 4,024 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अकेले उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 825 मामले सामने आए। इस सूची में यूपी के बाद पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार का नंबर आता है। वर्ष 2025 में यूजीसी ने रैगिंग रोकने में नाकाम रहने पर 18 मेडिकल कॉलेजों समेत 107 संस्थानों को 'कारण बताओ नोटिस' भी जारी किया था, फिर भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जहाँ बड़े-बड़े राज्यों में रैगिंग की शिकायतें बढ़ रही हैं, वहीं सिक्किम, मिजोरम, नगालैंड और मणिपुर जैसे पूर्वोत्तर राज्यों ने इस पर पूरी तरह लगाम लगा ली है। इन राज्यों में पहली शिकायत आते ही प्रशासन, शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर त्वरित कार्रवाई की। साथ ही, स्कूल स्तर से ही छात्रों को रैगिंग रोधी कानूनों के प्रति जागरूक किया गया, जिसके चलते आज इन राज्यों में शिकायतों का आंकड़ा शून्य पर पहुँच गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि केवल कानून बना देने से रैगिंग नहीं रुकेगी। जिन राज्यों में निगरानी, त्वरित कार्रवाई और सामुदायिक भागीदारी पर जोर दिया गया, वहाँ सकारात्मक बदलाव दिखे हैं। यूपी जैसे राज्यों में नियमों का सख्ती से क्रियान्वयन न होना ही इस समस्या के न थमने की मुख्य वजह है।

नई दिल्ली। भारत के पहले निजी तौर पर विकसित ऑर्बिटल-श्रेणी के रॉकेट 'विक्रम-1' की सफलता के बाद स्काईरूट एयरोस्पेस के संस्थापक पवन चंदाना और नागा भरत डाका ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र, भविष्य की अंतरिक्ष परियोजनाओं और तकनीकी नवाचारों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि स्काईरूट एयरोस्पेस के संस्थापकों के साथ उनकी बातचीत बेहद सार्थक रही। उन्होंने कहा कि कंपनी की अब तक की उपलब्धियां, भविष्य की योजनाएं और संस्थापकों की ऊर्जा, महत्वाकांक्षा तथा सकारात्मक सोच भारत के निजी स्पेस इकोसिस्टम की जीवंत भावना को दर्शाती हैं। प्रधानमंत्री ने पूरी स्काईरूट टीम को शुभकामनाएं भी दीं। स्काईरूट एयरोस्पेस ने बताया कि बैठक में संस्थापकों ने कंपनी की यात्रा, सफल विक्रम-1 मिशन और भारत को वैश्विक अंतरिक्ष क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के अपने विजन को प्रधानमंत्री के साथ साझा किया। चर्चा के दौरान अत्याधुनिक तकनीक, दीर्घकालिक रणनीति और निजी अंतरिक्ष उद्योग के विस्तार की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। कंपनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का युवा उद्यमियों पर भरोसा और नवाचार को बढ़ावा देने का दृष्टिकोण देश के स्टार्टअप और स्पेस सेक्टर के लिए प्रेरणादायक है। यह मुलाकात भारत में तेजी से विकसित हो रहे निजी अंतरिक्ष उद्योग को नई दिशा देने और वैश्विक स्पेस इकोसिस्टम में देश की मजबूत उपस्थिति को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की चर्चित 69000 शिक्षक भर्ती मामले में राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में नया चार पन्नों का हलफनामा दाखिल किया है। सरकार ने अदालत से कहा है कि संशोधित मेरिट सूची में स्थान पाने वाले पात्र अभ्यर्थियों को, पहले से कार्यरत शिक्षकों को प्रभावित किए बिना समायोजित किया जा सकता है। इस महत्वपूर्ण विषय पर सर्वोच्च न्यायालय में आज भी सुनवाई जारी रहेगी। सरकार के हलफनामे के मुताबिक, यह समायोजन केवल मौजूदा खाली पदों को ध्यान में रखते हुए और न्यूनतम योग्यता पूरी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए ही प्रस्तावित है। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इसे भविष्य के किसी भी मामले में नजीर (उदाहरण) न माना जाए और न्यायालय का जो भी फैसला होगा, राज्य उसका पूर्ण पालन करेगा। दूसरी ओर, सरकार के इस रुख से आरक्षण प्रभावित अभ्यर्थियों में गहरा असंतोष है। 'पिछड़ा दलित संयुक्त मोर्चा' के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि इस भर्ती में करीब 19,000 सीटों पर आरक्षण की अनदेखी हुई है। मोर्चे की मांग है कि सरकार भर्ती की मूल चयन सूची को तुरंत सार्वजनिक करे। यदि सरकार पूर्व में नियुक्त शिक्षकों को बचाना चाहती है, तो हाई कोर्ट की सिंगल से डबल बेंच तक गए सभी आरक्षण प्रभावित याची अभ्यर्थियों को 'याची लाभ' देकर इस लंबे विवाद का स्थायी निस्तारण करे। आज होने वाली सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई पर अब सभी पक्षों की नजरें टिकी हुई हैं।

आइए अब नज़र डालते हैं उत्तराखंड की ख़बरों पर-रामनगर। रामनगर के कालागढ़ टाइगर रिजर्व स्थित रामगंगा बांध क्षेत्र में एक विशाल टस्कर हाथी के अचानक पहुंचने से कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। हाथी काफी देर तक बांध परिसर में बेखौफ घूमता रहा, जिससे वहां काम कर रहे कर्मचारियों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई जनहानि या हादसा नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार, कर्मचारी अपने रोजमर्रा के कार्यों में व्यस्त थे, तभी अचानक विशाल टस्कर हाथी परिसर के पास पहुंच गया। हाथी को देखते ही कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उससे सुरक्षित दूरी बना ली। किसी ने भी हाथी के करीब जाने या उसे छेड़ने की कोशिश नहीं की। इस दौरान कर्मचारियों ने दूर से ही हाथी की गतिविधियों का वीडियो मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वन्यजीव विशेषज्ञ संजय छिम्वाल के अनुसार, बरसात के मौसम में भोजन और पानी की तलाश में हाथियों की आवाजाही बढ़ जाती है। इसी कारण वे कई बार जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों, सड़कों और सरकारी परिसरों तक पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि हाथी या किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके पास न जाएं, न ही उसका रास्ता रोकें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें। कालागढ़ क्षेत्र में हाथियों की नियमित आवाजाही के चलते वन विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से विशेष सतर्कता बरतने तथा वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है।

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों में मंगलवार को अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल के कई क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, आईएमडी के फ्लैश फ्लड बुलेटिन में अल्मोड़ा, चंपावत, पौड़ी समेत 11 जिलों के संवेदनशील जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का मध्यम जोखिम जताया गया है। आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, चट्टान गिरने, सड़कें बंद होने, नदी-नालों के उफान और निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थितियां बन सकती हैं। उन्होंने चारधाम यात्रियों और प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर रखने और किसी भी जोखिम से बचने की सलाह दी गई है।

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत एक युवती के कथित अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी गुरबाज उर्फ मानु (23) के पैर में गोली लगने की सूचना है, जबकि उसके दो साथी जोगा सिंह (24) और रविंदर (19) को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात युवती के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिलेभर में पुलिस की कई टीमें पूरी रात युवती की तलाश में जुटी रहीं। रविवार सुबह पीड़िता को रुद्रपुर के मेट्रोपोलिस अंडरपास के पास से बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश के दौरान हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी गुरबाज के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके दोनों साथियों को भी हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों में दो उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है। अधिकारियों के अनुसार, पूरे घटनाक्रम का विस्तृत खुलासा प्रेस वार्ता के माध्यम से किया जा सकता है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा विभाग और श्यामपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित 'गुज्जर डेयरी' में छापेमारी कर नकली पनीर बनाने के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। मौके पर सेहत के लिए हानिकारक मिल्क पाउडर और 'फॉरेन फैट' (विदेशी वसा) का इस्तेमाल कर तैयार किया जा रहा लगभग 50 किलो पनीर बरामद किया गया। छापेमारी के दौरान डेयरी संचालक के भाई शराफत अली ने पूछताछ में खुद स्वीकार किया कि वे पनीर बनाने के लिए दूध की जगह मिल्क पाउडर और फॉरेन फैट का मिश्रण इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस व खाद्य विभाग की टीम को मौके से प्लास्टिक बैग में मिल्क पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट बरामद हुए, जिन्हें तुरंत जब्त कर लिया गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत पनीर का सैंपल लेने के बाद शेष बचे लगभग 49 किलो मिलावटी पनीर को गड्ढे में दबवाकर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा भी हुआ कि संचालक के पास केवल रिटेल व्यवसाय का लाइसेंस था, जिसकी आड़ में बड़े पैमाने पर दुग्ध उत्पादों का अवैध निर्माण किया जा रहा था। इस गंभीर लापरवाही पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वरिष्ठ अधिकारी दिलीप जैन द्वारा डेयरी संचालक इमानत अली और शराफत अली को कड़ा नोटिस जारी किया गया है।

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। केदारनाथ धाम से लेकर यमुनोत्री मार्ग तक मौसम के कड़े मिजाज के कारण यात्रा की रफ्तार काफी धीमी पड़ गई है। केदारनाथ धाम में रुक-रुक कर हो रही बारिश, घने कोहरे और चोटियों पर बिछी बर्फ की सफेद चादर के बीच तीर्थयात्रियों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले कुछ दिनों से रोजाना एक हजार से कम श्रद्धालु पहुंच रहे थे, हालांकि सोमवार को यह संख्या बढ़कर 1,114 दर्ज की गई। इस सीजन में अब तक 14.17 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।दूसरी ओर, बड़कोट क्षेत्र में रातभर हुई भारी बारिश के कारण यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर मलबा, भारी पत्थर आने और भू-धंसाव की वजह से पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। एनएच के अधिशासी अभियंता मनोज रावत ने बताया कि मार्ग खोलने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात कर दी गई हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश राहत और बचाव कार्य में बड़ी बाधा बन रही है। बारिश के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। घनसाली उपजिलाधिकारी के निर्देशों के बाद भिलंगना ब्लॉक में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।

---- समाप्त ---- 

दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।