गुड़ मॉर्निंग इंडिया: मोदी ने मंत्रियों को पढ़ाया सुशासन का पाठ! ज्ञानवापी मामले को लेकर आज का दिन खास, उत्तराखंड में तूफान ने बरसाई आफत
नमस्कार दोस्तो, आवाज 24x7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया कॉलम में आपका पुनः स्वागत है। शुरुआत आज के प्रमुख कार्यक्रमों से करते हैं। आज वाराणसी की ज्ञानवापी मस्जिद में हुए सर्वे और वीडियोग्राफी की रिपोर्ट कोर्ट में पेश होगी। वहीं आज प्रधानमंत्री मोदी सुबह 11 बजे ट्राई के रजत जयंती समारोह को वर्चुअली संबोधित करेंगे। उधर आज IPL के 65वें मैच में मुंबई और हैदराबाद के बीच शाम 7:30 बजे से मुकाबला होगा।
बड़ी खबरों की बात करें तो ज्ञानवापी मस्जिद का तीन दिन चला सर्वे पूरा हो गया है। कोर्ट में आज इसकी रिपोर्ट पेश होनी है। हालांकि, इसकी संभावना कम लग रही है, क्योंकि कोर्ट कमिश्नर रिपोर्ट तैयार करने के लिए कुछ दिन का वक्त मांग सकते हैं। इस रिपोर्ट से पता चल जाएगा कि ज्ञानवापी मस्जिद में क्या-क्या मिला है। उधर, हिंदू पक्ष ने जहां शिवलिंग मिलने का दावा किया है, कोर्ट के आदेश पर उसे सील कर दिया गया है।
उधर पाकिस्तान में आंतकी हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आतंकियों ने सोमवार को एक बार फिर कराची में विस्फोट किया। यहां खरादर इलाके की न्यू मेमन मस्जिद के पास हुए धमाके में एक महिला की मौत हो गई और 11 घायल हो गए।
इधर जम्मू-कश्मीर के कई वनों में भीषण आग लग गई है। बीती देर रात नियाका, पंजग्रेन और घींर मुगलन वन क्षेत्रों में भीषण आग लगी। जानकारी मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और वन अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं राजौरी जिले के झलास के जंगल में भी कल से आग लगी हुई है। दमकल विभाग का कहना है कि इस जंगलों में लगी आग से अब तक लाखों की वन संपदा जलकर खाक हो गई है।
उधर पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 1,221 नए मामले सामने आए हैं, जबकि एक मरीज की मौत हो गई। इस तरह से देश में सोमवार के मुकाबले कोरोना से थोड़ी सी राहत देखने को मिली। मंगलवार को कोरोना के एक्टिव केस भी करीब 2 हजार कम हुए हैं। बीते दिन देश में कोरोना के 15,057 केस सामने आए, वहीं एक दिन पहले इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 17,692 दर्ज की गई थी। शनिवार को 1,913 नए केस मिले थे।
इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छह महीने में दूसरी बार आज रात योगी मंत्रिमंडल के साथ डिनर किया। वह यूपी के CM आवास पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले मंत्रियों के साथ ग्रुप फोटो खिंचाई। फोटो सेशन के बाद उन्होंने मंत्रिमंडल के साथ मीटिंग की। PM ने मंत्रियों और संगठन नेताओं को गुड गवर्नेंस के टिप्स दिए हैं। साथ ही कामकाज की रिपोर्ट भी ली है और आगे का रोडमैप भी बताया है। करीब 3 घंटे लखनऊ में प्रवास के बाद पीएम मोदी दिल्ली रवाना हो गए।
उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो यहां उत्तराखंड में मंगलवार को भी मौसम का मिजाज फिलहाल बदला रहेगा। राजधानी देहरादून समेत कई जगहों में सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार आज राज्य में कहीं-कहीं गर्जन के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं देर रात आधी-तूफान से कई जगहों पर नुकसान की खबरें आ रही हैं।
उधर चारधाम यात्रा को आने वाले श्रद्धालुओं की मौत का सिलसिला जारी है। तीन श्रद्धालुओं की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। इसमें केदारनाथ धाम में दो और बदरीनाथ धाम में एक श्रद्धालु की हृदयगति रुकने से मौत हुई। इसके साथ ही अब तक चार धाम यात्रा में मरने वालों की संख्या 40 पहुंच गई है।