गुड़ मॉर्निंग इंडिया: उत्तराखंड में बड़ा सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत! नही रही दुनिया की सबसे बूढ़ी दादी, लिंक में पढ़ें अमीरी के किस पायदान पर पहुंचे अडाणी
नमस्कार दोस्तो आवाज 24x7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया कॉलम में आपका फिर से स्वागत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज मुंबई की सेशन कोर्ट सांसद नवनीत राणा और उनके पति की जमानत याचिका पर सुनवाई करेगी। वहीं आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ब्रह्म विद्यालय की स्वर्ण जयंती के मौके पर सुबह 10:30 बजे कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं आज IPL के 39वें मैच में बेंगलुरु और राजस्थान के बीच शाम 7:30 बजे से मुकाबला होगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं। अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी दुनिया के 5वें सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। उन्होंने दिग्गज इन्वेस्टर वॉरेन बफे को पीछे छोड़ दिया। फोर्ब्स के मुताबिक, 59 साल के अडाणी की कुल संपत्ति 123.7 अरब डॉलर है। अब सिर्फ बिल गेट्स, बर्नार्ड अरनॉल्ट, जेफ बेजोस और एलन मस्क उनसे आगे हैं। रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी लिस्ट में 8वें नंबर पर हैं।
इधर हनुमान चालीसा विवाद पर महाराष्ट्र CM उद्धव ठाकरे ने पहली बार प्रतिक्रिया दी। कहा कि आप हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहते हैं, तो कॉल कर घर आएं। अगर आप 'दादागिरी' का सहारा लेते हैं तो हमें पता है कि इसे कैसे तोड़ना है। इस बीच उद्धव के घर के सामने हनुमान चालीसा पढ़ने का ऐलान करने वाले राणा दंपती पर दर्ज दूसरा केस खारिज करने से हाईकोर्ट ने इनकार कर दिया।
उधर दुनिया की सबसे बुजुर्ग इंसान केन तनाका का निधन हो गया है। उनकी उम्र 119 साल थी। 2019 में उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दुनिया के सबसे उम्रदराज व्यक्ति के तौर पर मान्यता मिली थी। तब उनकी उम्र 116 साल थी। केन का जन्म 1903 में हुआ था। उनके निधन के बाद फ्रांस की लुसिले रेनडोन (सिस्टर एंड्रे) दुनिया की सबसे बुजुर्ग व्यक्ति बन गई हैं। उनकी उम्र 118 साल 73 दिन है।
इधर टेस्ला CEO एलन मस्क ट्विटर के नए मालिक बन गए हैं। यह डील 44 बिलियन डॉलर यानी 3368 अरब रुपए में हुई है। इस हिसाब से मस्क ने ट्विटर के हर शेयर के लिए 54.20 डॉलर (4148 रुपए) चुकाए हैं। ट्विटर के इंडिपेंडेंट बोर्ड के चेयरमैन ब्रेट टेलर ने रात 12: 24 बजे एक प्रेस रिलीज में मस्क के साथ हुई डील के बारे में बताया। 11 दिन पहले मस्क ने ट्विटर को खरीदने का ऑफर दिया था।
उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में मंगलवार को कुछ जगह बारिश होने की संभावना है। इस दौरान पहाड़ों में आंधी चलने से मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट आ सकती है।
इधर पौड़ी जनपद के थाना क्षेत्र पैठाणी में बरात से लौट रहा एक वाहन(मैक्स) दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया है। दो घायलों का सीएचसी पैठाणी व छह घायलों का उपचार जिला अस्पताल पौड़ी में चल रहा है।