Good Morning India: भारत-न्यूजीलैंड एफटीए को मिलेगी मंजूरी, रक्षा समेत कई समझौतों पर भी लगेगी मुहर,पीएम मोदी की तीन देशों की यात्रा का आखिरी दिन,बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी-बीकेटीसी की चार सदस्यीय समिति ने पूरी की जांच,मसूरी से लौटते समय खाई में गिरा युवक, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एक फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं। बहामास में भीषण विमान दुर्घटना,हादसे में 10 लोगों की मौत,जांच के बीच फ्लेमिंगो एयर की उड़ानों पर रोक। राजनीतिक आतंकवाद पर अंतरराष्ट्रीय बैठक की मेजबानी करेगा अमेरिका, भारत समेत 60 देशों को भेजा गया निमंत्रण। भारत-न्यूजीलैंड एफटीए को मिलेगी मंजूरी, रक्षा समेत कई समझौतों पर भी लगेगी मुहर। पीएम मोदी की तीन देशों की यात्रा का आखिरी दिन। फाबियन रूइज और मेरिनो के गोल से स्पेन सेमीफाइनल में, अब फ्रांस से होगा महामुकाबला। शांति निकेतन को-ऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी फर्जीवाड़े में ईडी का कई ठिकानों पर छापा, तलाशी अभियान। मौसम का महा अलर्ट,दिल्ली-यूपी समेत देश के 20 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी,वज्रपात का भी खतरा। उत्तराखंड के युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने के लिए पीएमयू गठन को मिली मंजूरी, मंत्रिमंडल ने जताई सहमति। बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी, बीकेटीसी की चार सदस्यीय समिति ने पूरी की जांच, जल्द मुख्य कार्याधिकारी को सौंपेगी रिपोर्ट। 13 जुलाई को हर्रावाला से सोमनाथ जाएगी विशेष आस्था ट्रेन, राज्यपाल-मुख्यमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी। मसूरी से लौटते समय युवक खाई में गिरा, शिव मंदिर के पास हुआ हादसा,एसडीआरएफ ने देर रात किया रेस्क्यू
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, कैरेबियन देश बहामास में शुक्रवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद सरकार ने जांच पूरी होने तक फ्लेमिंगो एयर की उड़ानों पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह हादसा नॉर्थ एंड्रोस में हुआ, जो बहामास की राजधानी नासाउ के पश्चिम में स्थित द्वीपीय क्षेत्र है। बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने शुरुआत में बताया था कि हादसे में एक व्यक्ति जीवित बच गया है। हालांकि, बाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पुष्टि की कि उसकी भी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
अमेरिका अगले हफ्ते राजनीतिक आतंकवाद के फिर से उभरने पर चर्चा के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा। इसमें भाग लेने के लिए भारत समेत 60 देशों को निमंत्रण भेजा गया है। वॉशिंगटन पोस्ट के अनुसार, अमेरिकी विदेश विभाग में 16 जुलाई को होने वाली बैठक में यूरोप, लैटिन अमेरिका और एशिया के विदेश और गृह मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है। अमेरिका इसे सुरक्षा के लिए एक उभरता हुआ खतरा मानता है और इसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग बनाना चाहता है। बैठक को लेकर अमेरिकी अधिकारियों, कुछ यूरोपीय सहयोगियों और स्वतंत्र विश्लेषकों के बीच चिंता पैदा हो गई है। ऐसा हो सकता है कि भारत इस बैठक में अपना कोई प्रतिनिधि न भेजे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय यात्रा पर न्यूजीलैंड पहुंच गए, जिसे दोनों देशों के रणनीतिक और आर्थिक संबंधों में एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है। उनकी शनिवार को न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ अहम बैठक हुई। पीएम मोदी की इस यात्रा के दौरान मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लागू करने की पुष्टि की जा सकती है। इसके अलावा, दोनों देशों में रक्षा, खेल, शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी अहम समझौतों पर मुहर लगने की उम्मीद है। भारत और न्यूजीलैंड ने इसी वर्ष अप्रैल में एफटीए पर हस्ताक्षर किए थे। अब, पीएम मोदी की यात्रा को इसे अमलीजामा पहनाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। समझौता लागू होने से न्यूजीलैंड से आने वाले 95% सामानों पर टैरिफ कम या खत्म हो जाएगा। पहले ही दिन से न्यूजीलैंड का 57% निर्यात पूरी तरह शुल्क-मुक्त हो जाएगा। वहीं, भारत से निर्यात 100% सामानों पर टैरिफ खत्म हो जाएगा। भारतीय किसानों के हितों की रक्षा के लिए डेयरी, चीनी, सेब और कुछ अन्य कृषि उत्पादों को इस छूट से बाहर रखा गया है।
फीफा विश्व कप 2026 के दूसरे क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। लॉस एंजिलिस स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में स्पेन के लिए फाबियन रूइज और मिकेल मेरिनो ने गोल किए, जबकि बेल्जियम की ओर से चार्ल्स डी केटेलारे ने एकमात्र गोल दागा। अब सेमीफाइनल में स्पेन का सामना मौजूदा उपविजेता फ्रांस से होगा। यह मुकाबला डलास स्टेडियम में खेला जाएगा। स्पेन के कोच लुइस डे ला फुएंते ने सभी को चौंकाते हुए पेड्री की जगह फाबियन रूइज को शुरुआती एकादश में मौका दिया। उनका यह फैसला सही साबित हुआ। मैच के 30वें मिनट में बेल्जियम के गोलकीपर थिबाउट कूर्तुआ ने दानी ओल्मो का पहला शॉट रोक लिया, लेकिन रीबाउंड पर फाबियन रूइज ने शानदार फिनिश करते हुए स्पेन को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद युवा स्टार लामिन यामाल ने भी बेहतरीन मौका बनाया, लेकिन उनका शॉट मामूली अंतर से गोलपोस्ट के बाहर निकल गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों के दौरे पर हैं। इंडोनिशिया और ऑस्ट्रेलिया का दौरा पूरा करके पीएम न्यूजीलैंड पहुंचे हैं। आज उनके इस दौरे का आखिरी दिन हैं। इस दौरान दोनों देश व्यापार, निवेश, रक्षा, शिक्षा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा होगी। हाल के वर्षों में दोनों देशों के आर्थिक संबंध मजबूत हुए हैं, मुक्त व्यापार समझौता हुआ है और लोगों के बीच संपर्क भी बढ़ा है। पीएम मोदी के ऑकलैंड पहुंचने से एक दिन पहले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि भारत को होने वाले न्यूजीलैंड के 57% निर्यात पहले ही दिन से शुल्क मुक्त हो जाएंगे। उन्होंने इस व्यापार समझौते का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि भारत के साथ हुए इस व्यापार समझौते से न्यूजीलैंड के कारोबार को बड़ी बढ़त मिलेगी।
शांति निकेतन को-ऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी फर्जीवाड़े में ईडी गुरुग्राम की टीम ने कई ठिकानों पर रेड की है। बृहस्पतिवार को पीएमएलए, 2002 के प्रावधानों के तहत मंगल सैन मित्तल, अनिल शर्मा और उनके सहयोगियों तथा दिल्ली, फरीदाबाद और गुरुग्राम में स्थित व्यावसायिक संस्थाओं के आठ आवासीय और व्यावसायिक परिसरों में ईडी ने तलाशी अभियान चलाया। शांति निकेतन को-ऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड (एसजीएचएस) के सदस्यों को कथित तौर पर धोखा देने के आरोप में अनिल शर्मा, अरुण शर्मा, मंगल सैन मित्तल और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 1860 की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस स्टेशन सुशांत लोक, गुरुग्राम में दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने जांच शुरू की। आरोपियों पर शांति निकेतन को-ऑपरेटिव ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड के सदस्यों को धोखा देने का आरोप है। जांच में पता चला कि मंगल सैन (उस समय सोसाइटी के अध्यक्ष) ने अनिल शर्मा और अरुण शर्मा (मिस कॉनोइसर इंफ्राबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड/सीआईपीएल के निदेशक) के साथ मिलकर धोखाधड़ी से सोसाइटी पर कब्जा कर लिया। सदस्यों के धन का दुरुपयोग किया, फर्जी सदस्यों को भर्ती किया, आधिकारिक रिकॉर्ड छुपाए और बड़ी मात्रा में धन एकत्र करने के बाद आवास परियोजना को बीच में ही छोड़ दिया।
उत्तर भारत में मानसून पूरी तरह से अपने पैर पसार चुका है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित कुल 20 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। भीषण गर्मी से राहत मिलने के साथ ही आसमानी आफत का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर भारत में भारी बारिश और आंधी का सबसे ज्यादा असर देखने को मिलेगा, जबकि पूर्वी भारत में भी बारिश-तूफान का कहर बरप सकता है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। मछुआरों को समुद्री इलाकों से दूर रहने की सलाह दी गई है और किसानों को खुले खेतों में जाने से बचने को कहा गया है। पूर्वी भारत में आकाशीय बिजली और वज्रपात की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं,उत्तराखंड के युवाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने को लेकर प्रदेश में स्किल हब के तहत विदेश रोजगार प्रकोष्ठ की स्थापना की गई है। लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तमाम देशों के नियोक्ताओं, दूतावासों से उपलब्ध रोजगार के अवसरों के लिए सीधे एग्रीमेंट करने में विशेषज्ञों की उपलब्धता न होने, तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के सफल संचालन के लिये पीएमयू गठित करने का निर्णय लिया गया है। जिस पर मंत्रिमंडल ने सहमति जता दी है। वर्तमान समय में विदेश रोजगार प्रकोष्ठ द्वारा भारत सरकार के एनएसडीसी-इंटरनेशनल के साथ समन्वय कर तमाम देशों में कुशल कामगारों की मांग पूरी जा रही है। इसके साथ ही राज्य के इच्छुक युवाओं को एडवांस ट्रेड स्पेसिफिक ट्रेनिंग और लेंग्वेज ट्रेनिंग दिए जाने के लिए विभाग की ओर से कार्ययोजना के तहत काम किया जा रहा है। ताकि युवाओं के जरूरत के अनुसार,युवाओं को दक्ष बनाया जा सके, जिससे उन्हें विदेशों में काम करने में आसानी हो।
बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी मामले में बीकेटीसी की चार सदस्यीय समिति ने जांच पूरी कर दी है। जल्द ही जांच समिति अपनी रिपोर्ट मुख्य कार्याधिकारी को सौंपेगी। भैरव सेना के केंद्रीय अध्यक्ष संदीप खत्री ने बीकेटीसी के कर्मचारी पर बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा में हेराफेरी करने की शिकायत की थी। इस गंभीरता से लेते हुए बीकेटीसी ने जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया। समिति की प्रारंभिक जांच पर बीकेटीसी ने वैयक्ति सहायक प्रमोद नौटियाल को गणना ड्यूटी व प्रोटोकॉल की जिम्मेदारी से बाहर किया। जांच आगे बढ़ने पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नौटियाल को निलंबित किया।
उत्तराखंड सरकार के संस्कृति विभाग ने सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत हर्रावाला से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए विशेष रेल यात्रा की तैयारियां तेज कर दी हैं। संस्कृति निदेशालय ने इस संबंध में मुरादाबाद मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर यात्रा की व्यवस्थाएं करने का अनुरोध किया है। यह विशेष ट्रेन 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से रवाना होगी, जिसमें 720 श्रद्धालु यात्रा करेंगे। उत्तराखंड संस्कृति विभाग के निदेशक प्रदीप जोशी ने बीते 8 जुलाई को मंडलीय रेलवे प्रबंधक, मुरादाबाद मंडल को पत्र भेजा है। पत्र में लिखा है कि उत्तर क्षेत्र आईआरसीटीसी, लखनऊ के अनुरोध पर संस्कृति विभाग ने ट्रेन की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में 9 लाख रुपये का अग्रिम भुगतान भी कर दिया है।
मसूरी से अपने दोस्त के साथ लौट रहा एक युवक संतुलन बिगड़ने से गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल और स्थानीय पुलिस ने देर रात संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, रोहित नाम का युवक अपने एक दोस्त के साथ मसूरी से देहरादून की ओर स्कूटी से लौट रहा था। बताया जा रहा है कि युवक ने शराब का सेवन किया हुआ था। रास्ते में उसने सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर दी और किनारे बैठ गया। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम और राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अंधेरा होने और खाई की गहराई के बावजूद बचाव दल ने रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला गया।
ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ