Good Morning India: होर्मुज में भारी तनाव,ईरानी मिसाइल हमले में यूएई के दो तेल टैंकर खाक, एक भारतीय की मौत, 8 घायल,करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर संकट! अमरनाथ में शिवलिंग के जल्द पिघलने से हड़कंप,हरिद्वार में रूह कंपा देने वाली वारदात,छठी की छात्रा से गैंगरेप,लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एक फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।
ईरान की सैन्य ताकत 'ध्वस्त',ट्रंप का कड़ा प्रहार, होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी है भीषण हवाई हमले।
होर्मुज में भारी तनाव,ईरानी मिसाइल हमले में यूएई के दो तेल टैंकर खाक, एक भारतीय की मौत, 8 घायल।
नगालैंड में बड़ा आतंकी हमला,असम राइफल्स के काफिले पर आईईडी ब्लास्ट, एक जवान शहीद, 4 घायल।
मौसम का दोहरा वार,उत्तर भारत में उमस की मार,पूर्वोत्तर में बाढ़ का हाहाकार।
मलेरिया मुक्त भारत' की राह में रोड़ा,हॉटस्पॉट जिलों में बढ़ा संक्रमण,आदिवासी इलाकों में हालात चिंताजनक।
करोड़ों हिंदुओं की आस्था पर संकट! अमरनाथ में शिवलिंग के जल्द पिघलने से हड़कंप, विहिप ने की 'नो एक्टिविटी जोन' की मांग।
उत्तराखंड में मौसम की करवट,बारिश थमते ही मैदान से पहाड़ तक तपे,आज पर्वतीय इलाकों में तेज बौछारों के आसार।
अल्मोड़ा में सात सूत्रीय मांगों पर अड़े सफाई कर्मचारी, आक्रोश रैली के बाद भूख हड़ताल किया शुरू।
ऊधम सिंह नगर में सड़क हादसे की आड़ में रची गई हत्या की साजिश, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार।
हरिद्वार में रूह कंपा देने वाली वारदात,छठी की छात्रा से गैंगरेप, रातभर ढूंढते रहे माता-पिता,सुबह बदहवास मिली मासूम।
बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी विवाद,गणेश गोदियाल ने स्वीकार की बीकेटीसी अध्यक्ष की चुनौती,आज देहरादून प्रेस क्लब में 'आर-पार
हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा और तीखे बयानों ने मध्य-पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है। सोमवार को एक प्रेस वार्ता में ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमताएं पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी हैं और अमेरिकी सेना लगातार उन पर भारी प्रहार कर रही है। राष्ट्रपति ने तेहरान पर हालिया समझौतों को तोड़ने का सीधा आरोप लगाते हुए इसे बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी है। राष्ट्रपति ट्रंप ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हमारा एक-दो दिन पहले ही समझौता हुआ था, लेकिन तेहरान ने उसे तुरंत तोड़ दिया। उन्होंने इसे इसलिए तोड़ा क्योंकि उन्हें शर्तें पसंद नहीं आईं, लेकिन अब हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।" ट्रंप ने ईरानी नेतृत्व की कड़ी आलोचना की और यह दावा किया कि वहां जारी आंतरिक संघर्षों में अब तक 52,000 प्रदर्शनकारियों की जान जा चुकी है। तनाव तब और बढ़ गया जब ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की कोशिश की। इसके जवाब में, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कमांडर-इन-चीफ के निर्देशानुसार तेहरान के 140 ठिकानों पर सटीक हमले किए हैं।
दुबई। मध्य-पूर्व के सबसे संवेदनशील समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं। ओमान के क्षेत्रीय जल क्षेत्र से गुजर रहे संयुक्त अरब अमीरात के दो वाणिज्यिक तेल टैंकरों मोम्बासा' और 'अल बहिया' पर ईरान ने दो घातक क्रूज मिसाइलों से हमला कर दिया। इस भीषण हमले में मोम्बासा टैंकर पर सवार एक भारतीय चालक दल के सदस्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यूएई के रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, घायल चालकों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। इनमें से चार की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। मिसाइल लगते ही दोनों जहाजों में भयंकर आग लग गई और वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, आपातकालीन टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। यूएई सरकार ने इस कायरतापूर्ण कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन बताया है। रक्षा मंत्रालय ने चेतावनी देते हुए कहा यह हमला क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए एक सीधा खतरा है। संयुक्त अरब अमीरात के पास इस उकसावे का जवाब देने का पूरा अधिकार सुरक्षित है। हम अपनी संप्रभुता, नागरिकों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।
नागालैंड। नगालैंड के सुखोवी इलाके में सोमवार को एक बड़ा सुरक्षा संकट तब खड़ा हो गया, जब उग्रवादियों ने असम राइफल्स के काफिले को निशाना बनाकर संदिग्ध आईईडी विस्फोट किया। इस कायरतापूर्ण हमले में देश का एक जांबाज सुरक्षाकर्मी शहीद हो गया, जबकि चार अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रक्षा जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, यह घात लगाकर किया गया हमला उस समय हुआ जब सुरक्षा बलों की गाड़ियां एक नियमित अभियान पर थीं। धमाका इतना जोरदार था कि सैन्य वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हमले के तुरंत बाद असम राइफल्स और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे सुखोवी और उसके आस-पास के इलाकों की घेराबंदी कर दी है। उग्रवादियों की धरपकड़ के लिए जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि, अभी तक किसी भी उग्रवादी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन एजेंसियां हर कोण से जांच कर रही हैं। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।
नई दिल्ली। देश में इस समय मौसम के दो बिल्कुल विपरीत रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां उत्तर भारत में कुछ दिनों की राहत के बाद मानसून फिर से सुस्त पड़ गया है, वहीं दूसरी तरफ पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में बादलों ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। भारी बारिश और विनाशकारी बाढ़ की चपेट में आने से पूर्वोत्तर के राज्यों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।क्यों कम हुई उत्तर भारत में बारिश?मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में अचानक बारिश कम होने और उमस बढ़ने का मुख्य कारण 'मानसूनी ट्रफ' का उत्तर की ओर खिसकना है।क्या है मानसूनी ट्रफ? यह कम दबाव वाले क्षेत्रों की एक लंबी और विस्तृत पट्टी होती है, जो समुद्र से आने वाली नम हवाओं को अपनी ओर खींचकर बारिश कराती है।वर्तमान में यह ट्रफ लाइन खिसककर हिमालय की तलहटी में पहुंच गई है। इस मौसमी बदलाव को मौसम विज्ञान की भाषा में 'मानसून ब्रेक' कहा जाता है। इसके चलते दिल्ली- एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवा की नमी और तापमान मिलकर भारी उमस पैदा कर रहे हैं। अगले एक हफ्ते तक उत्तर भारत को इस चिपचिपी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने जहां साल 2030 तक भारत को पूरी तरह मलेरिया मुक्त बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है, वहीं मानसून के इस सीजन ने सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। देश के कई आदिवासी और ग्रामीण हॉटस्पॉट जिलों से आ रहे मलेरिया के डराने वाले आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनकर उभरे हैं। सबसे भयावह स्थिति झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से सामने आई है, जहां घातक सेरेब्रल मलेरिया (दिमागी मलेरिया) की चपेट में आने से अब तक छह मासूम बच्चों की मौत हो चुकी है। इस त्रासदी के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाकों में युद्ध स्तर पर स्क्रीनिंग अभियान शुरू किया है। लगभग तीन हजार लोगों की जांच में 150 से अधिक लोग संक्रमित पाए गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने राज्य सरकार के साथ मिलकर इलाज, सख्त निगरानी और रोकथाम उपायों की आपात समीक्षा की है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 2015 की तुलना में 2023 तक देश में मलेरिया के मामलों में 80.5% और मौतों में 78.3% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। इसी आधार पर विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत को 'हाई बर्डन टू हाई इम्पैक्ट' देशों की श्रेणी से बाहर किया था। सरकार का लक्ष्य 2027 तक स्थानीय संक्रमण को शून्य पर लाना है, लेकिन वर्तमान में ग्रामीण और दुर्गम आदिवासी इलाकों में तेजी से पैर पसारता यह संक्रमण इस मिशन की राह में बड़ी बाधा बनता दिख रहा है।
ऊना। अमरनाथ गुफा में पवित्र प्राकृतिक हिम शिवलिंग के समय से पहले पिघलने पर विश्व हिंदू परिषद ने गहरी चिंता व्यक्त की है। श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के केंद्र बाबा बर्फानी के इस बदलते स्वरूप को देखते हुए विहिप की प्रखंड इकाई बंगाणा ने एक व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है। संगठन ने सोमवार को एसडीएम सोनू गोयल के माध्यम से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को एक आपात ज्ञापन सौंपा। विहिप के वरिष्ठ सदस्यों राजेश और रवि ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से ग्लोबल वार्मिंग (वैश्विक तापमान में वृद्धि) और पवित्र गुफा के आसपास बढ़ते अत्यधिक मानवीय हस्तक्षेप के कारण हिम शिवलिंग यात्रा के शुरुआती दिनों में ही तेजी से पिघल रहा है। इससे दूर-दूर से आने वाले शिवभक्तों को निराशा हाथ लग रही है। बढ़ते खतरे को देखते हुए संगठन ने राष्ट्रपति और उपराज्यपाल से अमरनाथ श्राइन बोर्ड को तुरंत कड़े निर्देश जारी करने की मांग की है,वही विहिप ने चेतावनी दी है कि यदि इस संवेदनशील पर्यावरण की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस और दीर्घकालिक कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में यह पवित्र प्राकृतिक घटना पूरी तरह समाप्त हो सकती है।
अब रुख करते हैं उत्तराखंड की ख़बरों की तरफ़। उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार पर ब्रेक लगते ही मौसम के तेवर तल्ख हो गए हैं। पिछले दो दिनों से राज्य भर में बारिश थमने के कारण तेज चटक धूप खिल रही है, जिससे मैदानी इलाकों से लेकर पर्वतीय क्षेत्रों तक तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चिलचिलाती धूप के साथ उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। रविवार और सोमवार को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। राजधानी देहरादून (दून) में सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक यानी 34.8 C दर्ज किया गया। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री चढ़कर 24.8 C रहा। मैदानी जिलों के साथ-साथ ठंडे माने जाने वाले पहाड़ी पर्यटन स्थलों में भी पारा बढ़ने से सैलानी और स्थानीय लोग गर्मी से परेशान दिखे। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आज (14 जुलाई) भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। दून में आज अधिकतम तापमान 35 C और न्यूनतम तापमान 25 C के आसपास रहने का अनुमान है। हालांकि, पहाड़ी जिलों के लिए थोड़ी राहत की खबर है। पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है, जिससे वहां के तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।
अल्मोड़ा नगर निगम के सफाई कर्मचारी अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज करते हुए सड़कों पर उतर आए। कर्मचारियों ने नगर निगम परिसर से आक्रोश रैली निकालकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए शाम से आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले नगर निगम के सफाई कर्मचारी 18 जून से नगर निगम परिसर में धरने पर बैठे हैं, वहीं सोमवार से उन्होंने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत निकाली गई रैली नगर निगम परिसर से माल रोड, मिलन चौक, लाला बाजार, चौक बाजार, कचहरी बाजार, जौहरी बाजार और थाना बाजार होते हुए चौघानपाटा से वापस नगर निगम पहुंची। पूरे मार्ग में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
ऊधम सिंह नगर के जसपुर में सड़क हादसे के रूप में सामने आए एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में यह मामला हादसे का नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश के चलते की गई सुनियोजित हत्या निकला. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक, बीती 10 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे डायल 112 के माध्यम से एक सूचना मिली थी कि ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा वाली नहर रोड पर एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी है, जिसमें तीन युवक घायल हो गए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली जसपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर सड़क किनारे नहर में एक क्षतिग्रस्त बाइक मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया।
हरिद्वार के लक्सर-पथरी क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां अपने प्रेमी के साथ बाइक पर जा रही एक किशोरी को बंधक बनाकर सात-आठ नशेड़ी युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जब किशोरी अपने दोस्त के साथ जा रही थी, तभी रास्ते में नशे में धुत आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पहले प्रेमी युवक की बेरहमी से पिटाई कर उसे मौके से भगा दिया। इसके बाद वे किशोरी को जबरन पास के गन्ने के खेत में खींच ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी रात भर किशोरी को बंधक बनाकर रखने की योजना बना रहे थे और इसी बात को लेकर आपस में उलझ रहे थे। इसी बीच मौका पाकर किशोरी किसी तरह उनके चंगुल से अर्धनग्न हालत में भाग निकली। उसने पास के एक गांव में पहुंचकर ग्रामीणों से मदद मांगी। वहां एक स्थानीय महिला ने पीड़िता को शरण दी और कपड़े पहनाए, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित उसके परिजनों तक पहुंचाया। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
देहरादून। अयोध्या राम मंदिर विवाद के बाद अब बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी और अनियमितताओं के मामले पर उत्तराखंड की सियासत पूरी तरह गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। गोदियाल ने चुनौती स्वीकार करते हुए घोषणा की है कि वह आज देहरादून प्रेस क्लब में मीडिया के सामने आकर सभी आरोपों का दूध का दूध और पानी का पानी करेंगे। दरअसल, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस पर इस संवेदनशील धार्मिक मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि गणेश गोदियाल का मंदिर समिति में लंबा कार्यकाल रहा है और उस दौरान कई गड़बड़ियां की गईं।
दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।