Oct 10, 2026 Login
Awaaz24x7-government

गुड़ मॉर्निंग इंडिया: उत्तराखंड में 22 साल के इतिहास में पहली बार आईएएस अधिकारी गया जेल! मूसेवाला का नया सॉन्ग रिलीज, 6 मिनट में आए पौने 5 लाख व्यूज

Good Morning India: For the first time in the history of 22 years in Uttarakhand, the IAS officer went to jail! Moosewala's new song released, 5 lakh views came in 6 minutes

नमस्कार दोस्तो, आवाज 24x7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया प्रोग्राम में आपका फिर से स्वागत है। आइए शुरुआत आज के प्रमुख कार्यक्रमों से करते हैं, आज राष्ट्रपति पद के लिए BJP उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू नॉमिनेशन दाखिल करेंगी। वहीं आज अग्निपथ स्कीम के तहत एयरफोर्स में भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे। उधर आज अग्निपथ के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद बुलाया है।

बड़ी खबरों पर नजर डालें तो मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के 26 दिन बाद उनका नया गाना रिलीज हुआ। पंजाब-हरियाणा के बीच विवादित SYL नहर के मुद्दे पर मूसेवाला का यह गाना गुरुवार शाम 6 बजे गाना रिलीज हुआ। 4 मिनट 9 सेकेंड के इस गाने को एक साथ 3 लाख फैंस ने देखा। पहले 6 मिनट में गाने को 4.77 लाख लोगों ने देखा और 3.14 लाख लोगों ने लाइक किया। गाने पर 1.10 लाख लोगों ने कमेंट भी किए। बता दें कि मूसेवाला की बीती 29 मई को पंजाब के मानसा में गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी।

उधर महाराष्ट्र का सियासी संकट अब एक रोमांचक मोड़ पर खड़ा है। शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने अपने साथ 49 विधायकों की तस्वीर जारी कर दी है। दूसरी तरफ शिवसेना के संजय राउत ने कहा है कि हम एनसीपी और कांग्रेस से गठबंधन तोड़ने के लिए तैयार हैं। बस शिंदे मुंबई आकर उद्धव से बात करें। इसके अलावा खबर है कि बीजेपी ने शिंदे को सरकार बनाने का ऑफर भेज दिया है। ऐसे में महाराष्ट्र की सियासत में आज का दिन बेहद खास हो सकता है। 

इधर राजस्थान के हनुमानगढ़ में एक युवती के खिलाफ एक महीने में तीन शादी करने और दूल्हों को लूटने का मामला दर्ज कराया गया है। दुल्हन और उसका साथी इतने शातिर हैं कि शादी से पहले ही रुपए ऐंठ लेते हैं। शादी के बाद दुल्हन 5-6 दिन ससुराल में रुकती और फरार हो जाती है। इसके बाद गैंग दूसरे शहर में कुंवारे लड़कों को ढूंढकर उन्हें फंसाने का प्लान बनाती है।

उधर आंध्र प्रदेश के सीएम और वायएसआर कांग्रेस के प्रमुख जगनमोहन रेड्‌डी ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी।

इधर इन दिनों बुलडोजर अवैध इमारतों, मकानों आदि को गिराने के सुर्खियों छाया रहता है। लेकिन सोशल मीडिया पर एक दूल्हे का वीडियो खूब देखा जा रहा है। यह घटना मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के भैंसदेही विकासखंड के झल्लार गांव की है। जहां बुधवार को सिविल इंजीनियर दूल्हा बुलडोजर पर अपनी दुल्हनिया लेने गया। बुलडोजर पर दूल्हे के साथ उसके परिवार की दो महिलाएं भी सवार थीं।

उधर देश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से गुरुवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 13,313 मामले मिले हैं और 38 मौतें हुई हैं जिनमें से 20 मौतें अकेले केरल से हैं। इस दौरान सक्रिय मामलों में भी दो हजार से ज्यादा की वृद्धि हुई है और इनकी संख्या 83,990 हो गई है जो कुल मामलों का 0.19 प्रतिशत है।

अब यूपी और उत्तराखंड की खबरों पर नजर डालते हैं, यूपी की बात करें तो यहां विगत चार फरवरी को सीएम योगी आदित्यनाथ को मारने और गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आधी रात लेडी डॉन के नाम से ट्विटर पर धमकी देने वाला आरोपी फिरोजाबाद का सोनू भीम आर्मी का सदस्य है। बृहस्पतिवार को कैंट पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया।

वहीं उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो प्रदेश के 22 वर्षों के इतिहास में पहली बार कोई आईएएस अफसर गिरफ्तार हुआ  और फिर उसे जेल भेजा गया। यूं तो इन 22 सालों में तमाम आईएएस अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। उनकी विभिन्न एजेंसियों ने जांच भी की है। लेकिन, यह पहला मौका है जब कोई आइएएस अधिकारी को सलाखों के पीछे जाना पड़ा।