गुड़ मॉर्निंग इंडिया: नूपुर के बयान पर भड़का आक्रोश, 12 राज्यों में प्रदर्शन और हिंसा! बवाल के बाद एक्शन में योगी सरकार, उत्तराखंड में हाई अलर्ट
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24x7 के स्पेशल कॉलम गुड़ मॉर्निंग इंडिया में आपका पुनः स्वागत है। आइए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज गृह मंत्री अमित शाह गुजरात में रहेंगे, वे वेस्टर्न जोनल काउंसिल की मीटिंग में हिस्सा लेंगे। वहीं आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण गोवा में कस्टम और GST म्यूजियम का उद्घाटन करेंगी। उधर आज हरिद्वार में विश्व हिंदू परिषद की मीटिंग होगी, इसमें ज्ञानवापी और कश्मीर पर चर्चा होगी।
बड़ी खबरों की शुरुआत देश में मौजूदा हालात से करते हैं, बीते रोज पैगंबर मोहम्मद पर विवादित टिप्पणी के विरोध में देश के कई शहरों में प्रदर्शन हुए। जुमे की नमाज के बाद भीड़ सड़कों पर उतरकर नारे लगाने लगी। धीरे-धीरे प्रदर्शन का दायरा 12 राज्यों तक पहुंच गया। दिल्ली से कर्नाटक और यूपी से बंगाल तक कई शहरों में हंगामा और पथराव हुआ। गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों की पुलिस को अलर्ट और तैयार रहने के लिए कहा है।
उधर राजस्थान में रूलिंग पार्टी कांग्रेस ने राज्यसभा की 4 में से 3 सीटें जीत ली हैं। एक सीट BJP को मिली। BJP के समर्थन से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय सुभाष चंद्रा हार गए। कर्नाटक की 4 सीटों में से BJP ने 3 और कांग्रेस ने एक सीट जीती है। यहां केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और कांग्रेस के जयराम रमेश को जीत मिली। देवगौड़ा की पार्टी जनता दल सेकुलर कोई सीट नहीं जीत पाई।
इधर जम्मू-कश्मीर के कुलगाम के खांडीपोरा इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को घेर लिया है। कश्मीर पुलिस के मुताबिक आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग की, जिसके बाद ये ऑपरेशन चलाया गया। इससे पहले पिछले मंगलवार को इसी इलाके में जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने 24 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग मुठभेड़ों में चार आतंकियों को ढेर किया था।
उधर जून के शुरुआती हफ्ते में देश में कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है। अगर, पिछले 7 दिनों का ट्रेंड देखें तो देश में कोरोना मरीज दो गुना बढ़ गए हैं। 4 जून को देश में 4270 पॉजिटिव थे। शुक्रवार को 8263 नए संक्रमित मिले, जो इस साल के सबसे ज्यादा मामले हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में 4200 मरीज ठीक हुए। जबकि 10 संक्रमितों का मौत हो गई। इससे पहले गुरुवार को देश में 7,584 मरीज मिले और 24 की मौत हुई।
इधर यूपी में हिंसक प्रदर्शन के बाद अब आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बारी आ गई है। जिन भी प्रदर्शनकारियों ने सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है, उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। शासन-प्रशासन ने साफ किया है कि हिंसा में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नही किया जाएगा।
उधर लिस्टिंग के बाद से ही LIC के शेयरों में गिरावट से सरकार भी परेशान है। डिपार्टमेंट ऑफ इन्वेस्टमेंट एंड पब्लिक एसेट मैनेजमेंट के सेक्रेटरी तुहिन कांता पांडे ने कहा कि हम इस अस्थायी गिरावट से बहुत चिंतित हैं। लोगों को LIC के फंडामेंटल्स समझने में वक्त लगेगा। 17 मई को LIC का शेयर 949 रुपए के मुकाबले 872 रुपए पर लिस्ट हुआ था। शुक्रवार को यह 708 रुपए तक गिर गया।
इधर लद्दाख से सटे इलाके में चीनी इन्फ्रास्ट्रक्चर को खतरे की घंटी बताने वाले अमेरिकी जनरल के बयान पर चीन ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और चीन बातचीत के जरिए सीमा विवाद को सुलझा सकते हैं। सीमा पर तनाव कम हो रहा है। कुछ अमेरिकी अधिकारी आग में घी डालने की कोशिश कर रहे हैं। यह शर्मनाक है। उम्मीद है कि वे आगे से ऐसा नहीं करेंगे।
अब उत्तराखंड की खबरों की बात करते हैं, अरुणाचल प्रदेश में चीन सीमा पर तैनात दून का एक जवान पिछले 12 दिन से लापता है। जवान मूलरूप से रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ का निवासी है। उनका परिवार वर्तमान में सैनिक कालोनी अंबीवाला में रहता है। जवान के लापता होने की सूचना बटालियन के अधिकारियों ने उनकी पत्नी को दी है। जिसके बाद से परिवार वाले चिंतित हैं।
उधर जुमे की नमाज को लेकर पुलिस विभाग की ओर से शुक्रवार को प्रदेश में अलर्ट किया गया। मस्जिदों के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई है। इसके अलावा मिश्रित क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी को लेकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शुरू हुए बबाल के बाद पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने सभी जिला प्रभारियों को सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, वहीं अभिसूचना विभाग को अलर्ट कर दिया है।
इधर भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) में आज पासिंग आउट परेड आयोजित की जाएगी। परेड के बाद 377 जेंटलमैन कैडेट देश-विदेश की सेना का हिस्सा बन जाएंगे। इनमें 288 युवा सैन्य अधिकारी भारतीय थलसेना को मिलेंगे।