Good Morning India: यूक्रेन में ड्रोन-मिसाइल हमलों के बीच फंसे 13 भारतीय नाविक,जंतर-मंतर बवाल में चला 'पैलेट गन' का तांडव,पुलिस दस्तावेज में बड़ा खुलासा,वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर चमका उत्तराखंड, 5 साल में 17 गुना बढ़े विदेशी पर्यटक, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें!

Good Morning India: 13 Indian sailors stranded amidst drone and missile attacks in Ukraine; 'pellet gun' havoc during the Jantar Mantar commotion—major revelation in police documents; Uttarakhand shi

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एक फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।

ब्लैक सी में 'मौत का साया',यूक्रेन में ड्रोन-मिसाइल हमलों के बीच फंसे 13 भारतीय नाविक, वतन वापसी की गुहार

जापान में 7.1 की तीव्रता से थर्राई धरती: भूकंप में 13 की मौत, पीएम ताकाइची खुद संभाल रहीं रेस्क्यू की कमान

मिडिल ईस्ट में महासंकट: ईरान ने अमेरिकी ठिकानों पर दागीं मिसाइलें, ट्रंप-नेतन्याहू मुलाकात के तुरंत बाद हमला

नीट-यूजी  पेपर लीक मामला: सीबीआई ने 13 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट, आज फास्ट ट्रैक कोर्ट में अहम सुनवाई

जंतर-मंतर बवाल में चला 'पैलेट गन' का तांडव: पुलिस दस्तावेज में बड़ा खुलासा, डीसीपी के आदेश पर दागे गए 70 से ज्यादा शेल

पहाड़ों पर कुदरत का कहर: कश्मीर में फटा बादल, हिमाचल-उत्तराखंड में 290 सड़कें ठप,आईएमडी ने जारी किया मूसलाधार बारिश का अलर्ट

कार'नीति': केंद्र सरकार का वीआईपी कल्चर पर कड़ा प्रहार, लागू किया 'एक अफसर, एक कार' का सख्त नियम

राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड: चंपत राय का बड़ा खुलासा, 81 लाख रुपये हुए वापस,सामने आया संयुक्त इस्तीफे का पत्र

ग्लासगो में भारत का जलवा: हरजिंदर और गुलवीर ने जीता रजत, मुक्केबाजी में 3 पदक पक्के

सड़क पर किसानों का डेरा,मूंग खरीदी की मांग पर अड़े अन्नदाता,कृषि मंत्री ने शिवराज सिंह को लिखा पत्र

उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट: जगह-जगह भूस्खलन से थमे कदम, दो दिन के लिए स्थगित हुई चारधाम यात्रा

उत्तराखंड में हड़कंप: 19 लाख मतदाताओं को चुनाव आयोग का नोटिस, गलत जानकारी दी तो होगी जेल

उत्तराखंड में कुदरत का 'ऑरेंज अलर्ट': 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ मूसलाधार बारिश, 111 मार्ग बंद और नदियाँ उफान पर

वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर चमका उत्तराखंड: 5 साल में 17 गुना बढ़े विदेशी पर्यटक, घरेलू आंकड़ा 6 करोड़ पार

हरिद्वार में कांवड़ मेले का ट्रैफिक प्लान लागू: 18 सुपर जोन में बटा मेला क्षेत्र, 11 अगस्त तक बदला रहेगा रूट

अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस पर चमका कॉर्बेट: 260 पार पहुँची बाघों की संख्या, पर्यटन से चमकी स्थानीय अर्थव्यवस्था


हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ-यूक्रेन। यूक्रेन के चोर्नोमोर्स्क बंदरगाह पर खड़े मालवाहक जहाज 'एमवी अमीर1' पर लगातार हो रहे ड्रोन और मिसाइल हमलों के बीच 13 भारतीय नाविकों समेत कुल 15 क्रू सदस्य जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं। ब्लैक सी (काला सागर) के इस बेहद खतरनाक युद्ध क्षेत्र में जहाज के ठीक आसपास हो रही भीषण बमबारी से नाविकों की जान पर बन आई है। फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ऑफ इंडिया' के अनुसार, जहाज के बिल्कुल नजदीक हो रहे हवाई हमलों से पूरा चालक दल खौफ के साये में जीने को मजबूर है। नाविकों को हर पल सीधे हमले की आशंका सता रही है। यूनियन ने मौजूदा हालात पर गहरी चिंता जताते हुए चेतावनी दी है कि किसी भी समय स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है। नाविकों की सुरक्षा को लेकर यूनियन ने भारत सरकार, जहाज के फ्लैग स्टेट और अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों से तुरंत हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है, ताकि सभी 13 भारतीयों को सुरक्षित रेस्क्यू कर जल्द स्वदेश वापस लाया जा सके।गौरतलब है कि हाल के दिनों में ब्लैक सी क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर ड्रोन और मिसाइल हमले काफी बढ़ गए हैं। इसने युद्ध प्रभावित और संवेदनशील समुद्री इलाकों में काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सभी की नजरें सरकार के कूटनीतिक और रेस्क्यू प्रयासों पर टिकी हैं।

टोक्यो। जापान के दक्षिण-पश्चिमी मुख्य द्वीप क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में आए 7.1 तीव्रता के भीषण भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 13 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग घायल हैं। भूकंप के झटकों के 14 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कई लोग लापता हैं, जिनकी तलाश में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन का खुद जायजा ले रही हैं। मंगलवार दोपहर बाद आए इस शक्तिशाली भूकंप के बाद प्रधानमंत्री ताकाइची ने बुधवार सुबह जारी बयान में बताया कि रात भर राहत कार्य चलाए गए हैं और सुबह होते ही मलबे में दबे लापता लोगों की तलाश तेज कर दी गई है। भूकंप के कारण कई इमारतें ढह गई हैं और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुँचा है। प्रभावित इलाकों में राहत कर्मियों की टीमें मुस्तैदी से जुटी हुई हैं। मलबे के नीचे से लोगों को सुरक्षित निकालने और घायलों तक तुरंत चिकित्सीय सहायता पहुँचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी किया है। आने वाले समय में आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटकों) की आशंका को देखते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वाशिंगटन। मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में तनाव चरम पर पहुँच गया है। ईरान ने अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते हुए अचानक मिसाइल हमला कर दिया। हालांकि, अमेरिकी रक्षा विभाग के अनुसार उनकी वायु रक्षा प्रणाली ने इन मिसाइलों को हवा में ही सफलतापूर्वक इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। इस हमले में किसी भी तरह के नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है। यह दुस्साहसिक हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच व्हाइट हाउस में हुई उच्च स्तरीय बैठक के कुछ ही समय बाद हुआ। इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने ईरान की चुनौतियों और क्षेत्रीय सुरक्षा पर गहन चर्चा की थी। यह हमला ट्रंप के उस बयान के अगले ही दिन आया है, जिसमें उन्होंने ईरान पर सैन्य कार्रवाई रोकने की बात कही थी। इस सैन्य दुस्साहस के बाद वैश्विक बाजारों में हड़कंप मच गया है। क्रूड ऑयल (कच्चे तेल) की कीमतों में एकाएक 5% तक का उछाल दर्ज किया गया, जिससे वैश्विक व्यापार पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। अमेरिकी रक्षा विभाग ने ईरान की इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे क्षेत्रीय शांति के लिए बड़ा खतरा बताया है। अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि वह स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है और अपनी सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा। इस घटनाक्रम ने पूरे मिडिल ईस्ट को एक नए युद्ध के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है।

नई दिल्ली। देश के सबसे चर्चित नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई ने एक बड़ा कदम उठाते हुए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट में 13 आरोपियों के खिलाफ पहली चार्जशीट दाखिल कर दी है। कोर्ट बुधवार को इस आरोपपत्र पर संज्ञान ले सकता है। सीबीआई की आर्थिक अपराध शाखा ने भारतीय न्याय संहिता , भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और नकल विरोधी कानून के तहत यह कार्रवाई की है। चार्जशीट में नामजद सभी 13 आरोपी जिनमें यश यादव, मंगीलाल बीवाल, शुभम खैरनार और डॉ. मनोज शिरुरे शामिल हैं फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी मंगीलाल बीवाल ने अपने बेटे विकास के लिए यश यादव से ₹10 लाख में लीक प्रश्नपत्र हासिल किया था। जांच के दौरान मंगीलाल के मोबाइल फोन से लीक हुआ प्रश्नपत्र भी बरामद किया गया है। सीबीआई का कहना है कि मामले में आगे की जांच अभी खुली रखी गई है और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के अधिकारियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। 12 मई को दर्ज हुई इस प्राथमिकी के बाद से जारी जांच में अब तक कई बड़े खुलासे हुए हैं। आज फास्ट ट्रैक कोर्ट में होने वाली सुनवाई से इस हाई-प्रोफाइल मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई का रास्ता और साफ होने की उम्मीद है।

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को 'संसद चलो' मार्च के दौरान हुई हिंसक झड़प में अब तक इनकार कर रही दिल्ली पुलिस का बड़ा सच सामने आया है। एक आधिकारिक दस्तावेज से खुलासा हुआ है कि भीड़ पर काबू पाने के लिए नॉर्थ डीसीपी राजा बांठिया के आदेश पर रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) ने 70 से अधिक पैलेट गन शेल, प्लास्टिक पैलेट और आंसू गैस के गोले दागे थे। इस खुलासे ने दिल्ली पुलिस के उन दावों की हवा निकाल दी है, जिसमें वह पैलेट गन के इस्तेमाल से पल्ला झाड़ती रही है। दस्तावेज के मुताबिक,आरएएफ  की बी-208 यूनिट के डिप्टी कमांडेंट सतीश सांगवान ने डीसीपी के आदेश पर इस दंगारोधी कार्रवाई की पुष्टि की है। वहीं आरएएफ की आईजी सीमा ढूंढियाल ने भी अधिकारियों के साथ बातचीत में माना कि प्रदर्शनकारियों पर अनावश्यक बल प्रयोग हुआ था। इस मामले पर सियासत भी गरमा गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पैलेट गन से घायल एक प्रदर्शनकारी को मीडिया के सामने लाकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। इधर, पैलेट गन के इस्तेमाल के खिलाफ पूर्व आईपीएस यशोवर्धन आजाद, प्रशांत कुमार और शेख इरशाद मंसूरी की याचिका पर कोर्ट सुनवाई के लिए तैयार हो गया है। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि बिना किसी उकसावे के सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज किया और अंतरराष्ट्रीय नियमों को दरकिनार कर पैलेट गन चलाई, जिससे कई लोग घायल हुए। मामले में जांच जारी है।

नई दिल्ली। देशभर में मानसून का विकराल रूप देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में बादल फटने से आए सैलाब ने भारी तबाही मचाई है और मलबा कई घरों में घुस गया है। वहीं, भूस्खलन और लगातार बारिश के कारण हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तीन नेशनल हाईवे समेत करीब 290 सड़कें बंद हो गई हैं। चंबा में बाढ़ और सड़क हादसे में एक मासूम समेत परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 64 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। बदहाल रास्तों के कारण चारधाम यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और ओडिशा-छत्तीसगढ़ पर बने 'गहरे दबाव क्षेत्र' के कारण देश के 20 राज्यों में भारी बारिश हो रही है। स्काईमेट का कहना है कि मानसून इस समय अपने चरम पर है और जुलाई के अंत तक कई इलाकों में भीषण बारिश का दौर जारी रहेगा। उधर, असम के 25 जिलों में बाढ़ से 11 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। राहत की बात यह है कि दिल्ली-एनसीआर में मानसून ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण के करीब आने से झमाझम बारिश के लिए अनुकूल माहौल बन गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में उड़ीसा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने नौकरशाही में वीआईपी कल्चर को खत्म करने और सरकारी खजाने पर पड़ते अतिरिक्त बोझ को कम करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने 'एक अधिकारी, एक सरकारी गाड़ी' की नई नीति लागू कर दी है। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के तहत अब किसी भी अधिकारी को केवल एक ही आधिकारिक वाहन की सुविधा मिलेगी। नई नीति के अनुसार, यदि किसी अधिकारी के पास अतिरिक्त जिम्मेदारी या पदभार है, तब भी उसे दूसरी सरकारी गाड़ी आवंटित नहीं की जाएगी। अब तक देखा जाता था कि अतिरिक्त प्रभार मिलने पर अधिकारी एक से अधिक वाहनों का उपयोग करते थे, जिस पर अब पूरी तरह से ब्रेक लगा दिया गया है। सरकार का मुख्य उद्देश्य सरकारी वाहनों के दुरुपयोग को रोकना, वित्तीय अनुशासन को मजबूत करना और बेवजह के खर्चों में कटौती करना है। वित्त मंत्रालय ने इस संबंध में सभी मंत्रालयों और विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस नीति का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। सरकार के इस फैसले से जहां संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा, वहीं प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और सादगी को बढ़ावा मिलेगा।

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और पूर्व ट्रस्टी अनिल मिश्रा द्वारा दिया गया संयुक्त इस्तीफा पत्र पहली बार सार्वजनिक हुआ है, जिसने चढ़ावा चोरी मामले में एक बड़ा खुलासा किया है। दोनों पूर्व पदाधिकारियों ने अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष को लिखे अपने पत्र में स्वीकार किया है कि शुरुआती कार्रवाई के दौरान आरोपियों से चोरी किए गए 81 लाख रुपये की वापसी कराई गई थी। इस्तीफे के पत्र के अनुसार, 4 जून की रात दानपात्र गणना के दौरान 5-6 युवकों द्वारा चोरी करने की घटना का पता चला था। 5 जून को सीसीटीवी फुटेज से पहचान के बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने के बजाय आरोपियों से पूछताछ की गई। इसके बाद 5 से 8 जून के बीच युवकों और उनके परिजनों ने लिखित स्वीकृति के साथ ₹81 लाख ट्रस्ट को लौटा दिए। पत्र में बताया गया कि जब मामला मीडिया में उछला और श्रद्धालुओं में भ्रम फैला, तब सत्य सामने लाने के लिए यूपी सरकार से एसआईटी जांच की मांग की गई, जो 15 जून से शुरू हुई। चंपत राय और अनिल मिश्रा ने लिखा कि "नीर-क्षीर विवेक" यानी दूध का दूध और पानी का पानी होने तक वे खुद को ट्रस्ट के सभी कार्यों से अलग कर रहे हैं। दोनों के इस त्यागपत्र को राम मंदिर ट्रस्ट की 6 जुलाई को हुई बैठक में स्वीकार कर लिया गया था।

ग्लासगो। राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने छह दिनों के खेल में कुल 12 पदक जीतकर तालिका में नौवां स्थान हासिल कर लिया है। महिला भारोत्तोलक हरजिंदर कौर ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। यह भारोत्तोलन में भारत का सातवां पदक है। वहीं, लंबी दूरी के स्टार एथलीट गुलवीर सिंह ने 10 हजार मीटर दौड़ में इतिहास रच दिया। ग्लासगो के भीगे ट्रैक पर रणनीतिक सूझबूझ दिखाते हुए गुलवीर ने रजत पदक जीता। वे इस स्पर्धा के पोडियम तक पहुँचने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। खेल के मैदान से दूसरी बड़ी खुशखबरी मुक्केबाजी से आई, जहाँ तीन भारतीय मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर तीन और पदक पक्के कर लिए हैं। ट्रैक पर तमिलनाडु के 22 वर्षीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक विशाल टीके ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में पहुँचकर पदक की उम्मीदों को जीवित रखा है। इसके अलावा, लॉन बॉल्स के पुरुष पेयर्स में नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की भारतीय जोड़ी ने कुक आइलैंड्स को रोमांचक टाई-ब्रेक में हराकर अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। पदक तालिका में ऑस्ट्रेलिया 35 स्वर्ण समेत 80 मेडल के साथ शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि कनाडा दूसरे और इंग्लैंड तीसरे स्थान पर है।

भोपाल। मध्य प्रदेश में मूंग खरीदी और अन्य कृषि संबंधी मांगों को लेकर किसानों का आंदोलन तेज हो गया है। मांगें पूरी न होने से नाराज किसानों ने सड़क पर ही अपना पक्का डेरा डाल लिया है। प्रदर्शन स्थल पर किसान दाल-बाटी बनाकर खाते, नारेबाजी करते और सड़क पर विश्राम करते नजर आए। किसानों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे पीछे नहीं हटेंगे। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर ग्रीष्मकालीन मूंग खरीदी का लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया है। राज्य में मूंग उत्पादन को देखते हुए सरकार ने 8.06 लाख मीट्रिक टन खरीदी की अनुमति मांगी है। इसी बीच, कृषि मंत्री कंषाना ने कृषि विभाग के सचिव निशांत बड़वाड़े और अधिकारियों की उपस्थिति में किसान प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की। मंत्री ने किसानों को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी जायज मांगों के प्रति गंभीर है और प्राथमिकता से समस्याओं का समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने किसानों से शांति बनाए रखने और संवाद के जरिए रास्ता निकालने की अपील की। उधर, मौके पर मुस्तैद पुलिस प्रशासन का रुख पहले से कुछ नरम दिखाई दिया, हालांकि सुरक्षा को लेकर सतर्कता पूरी बरती जा रही है। किसान और सरकार दोनों अब इस मसले का हल जल्द से जल्द निकालने की उम्मीद कर रहे हैं।

आइए अब नज़र डालते हैं उत्तराखंड की ख़बरों पर-देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और यात्रा मार्गों पर जगह-जगह हो रहे भूस्खलन को देखते हुए चारधाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा को दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है। मौसम सामान्य होने पर 30 जुलाई से यात्रा पुनः संचालित की जाएगी। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप के निर्देशों के बाद बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है। जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर नदी का जलस्तर बढ़ने से राम मंदिर के समीप मार्ग का करीब 25 से 30 मीटर हिस्सा धंस गया है, जिससे आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। इसके अलावा पालीगाड़, सिलाई बैण्ड और जंगलचट्टी जैसे इलाकों में लगातार मलबा व पत्थर गिरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालांकि, मंगलवार सुबह सोनप्रयाग से करीब 1600 यात्रियों को केदारनाथ के लिए रवाना किया गया था, लेकिन बिगड़ते मौसम को देखते हुए बाद में यात्रा पूरी तरह रोक दी गई। प्रशासन और मंडलायुक्त ने देशभर से आने वाले तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे सुरक्षा के मद्देनजर मौसम का सटीक अपडेट लेने के बाद ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं और जोखिम उठाने से बचें।

देहरादून। उत्तराखंड के करीब 19.04 लाख मतदाताओं पर कानूनी तलवार लटक गई है। चुनाव आयोग ने एसआईआर (SIR) प्रपत्रों में नाम, उम्र और रिश्तेदारों से जुड़ी विसंगतियां पाए जाने पर इन सभी मतदाताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि सुनवाई के दौरान गलत या मनगढ़ंत जानकारी देने पर जेल की हवा खानी पड़ सकती है। नोटिस में संबंधित मतदाता का नाम, इपिक नंबर, विधानसभा, भाग संख्या, पता और विसंगति का स्पष्ट कारण दर्ज है। साथ ही सुनवाई की तारीख, समय और स्थान की जानकारी दी गई है। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास के अनुसार, सुनवाई के दौरान मतदाताओं द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों (जैसे 10वीं के अंकपत्र/प्रमाणपत्र) की स्वतंत्र रूप से संबंधित बोर्ड या विभाग से कड़ी जांच कराई जाएगी। यदि कोई भी दस्तावेज या बयान फर्जी पाया जाता है, तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा-217 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकारी अधिकारी को जानबूझकर झूठी सूचना देने या मतदाता सूची से जुड़ी गलत घोषणा करने के जुर्म में दोषी पाए जाने पर एक वर्ष तक की कैद, ₹10,000 का जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं। चुनाव आयोग के इस सख्त कदम से प्रदेश में भारी हड़कंप मचा हुआ है।

देहरादून। उत्तराखंड में बारिश आफत बनकर बरस रही है। मौसम विभाग ने राज्य में लगातार दूसरे दिन पहाड़ से लेकर मैदान तक भारी से बहुत भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। देहरादून, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर समेत आठ जिलों में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ मूसलाधार बौछारों की चेतावनी दी गई है। बीते 24 घंटों में हुई बारिश ने दस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिससे 111 सड़कें बंद हो गई हैं और नदियाँ खतरे के निशान के करीब पहुँच गई हैं। देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में सर्वाधिक 233 एमएम बारिश दर्ज की गई, जिसने सितंबर की भयावह आपदा की यादें ताजा कर दीं। इसके अलावा हाथीबड़कला (194.5 एमएम), जौलीग्रांट (172.2 एमएम) और मसूरी (163 एमएम) में भी रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई है। पर्वतीय इलाकों जैसे ऊखीमठ, डीडीहाट और धनोल्टी में जलभराव व भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में 3 अगस्त तक मौसम का रुख ऐसा ही बना रहेगा। प्रशासन ने भूस्खलन और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। नागरिकों व श्रद्धालुओं को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने और नदी-नालों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई है।

देहरादून। उत्तराखंड के पर्यटन क्षेत्र ने पिछले पांच वर्षों में एक नया और ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्ष 2021 की तुलना में राज्य में विदेशी पर्यटकों की संख्या में करीब 17 गुना का भारी उछाल दर्ज किया गया है। वहीं, राज्य में आने वाले घरेलू पर्यटकों का आंकड़ा भी 6 करोड़ के पार पहुँच गया है, जो प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक विकास के लिए बेहद सुखद संकेत है। राज्यसभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद महेंद्र भट्ट द्वारा पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यह वर्षवार आंकड़े जारी किए। इन आंकड़ों को प्रस्तुत करते हुए महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड अब तेजी से वैश्विक पर्यटन पटल पर अपनी मजबूत और विशिष्ट पहचान बना रहा है। महेंद्र भट्ट ने इस अभूतपूर्व सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दूरदर्शी नीतियों और स्थानीय प्रदेशवासियों की मेहनत व अतिथि सत्कार की परंपरा को दिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के आधुनिक बुनियादी ढांचे, साहसिक पर्यटन  और धार्मिक स्थलों के पुनर्विकास से राज्य में पर्यटन को नई ऊर्जा मिली है। राज्य गठन के समय उत्तराखंड को देश-दुनिया का प्रमुख 'टूरिज्म हब' बनाने का जो सपना देखा गया था, वह अब साकार होता दिख रहा है। सुविधाओं के विस्तार से आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

हरिद्वार। गुरुवार 30 जुलाई से शुरू हो रहे भव्य कांवड़ मेले के लिए हरिद्वार पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और नया ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया है। 11 अगस्त को शिवरात्रि के मुख्य पर्व तक लागू रहने वाली इस व्यवस्था के तहत पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में विभाजित कर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम जनता से अपील की है कि वे रूट प्लान देखकर ही घर से निकलें। सावन के दौरान पड़ने वाले चार सोमवार (3, 10, 17 और 24 अगस्त) और शिवरात्रि को देखते हुए वाहनों की पार्किंग और डायवर्जन के लिए विस्तृत गाइडलाइन जारी की गई है। दिल्ली, सहारनपुर और हरियाणा की ओर से आने वाले कांवड़ वाहनों व प्राइवेट बसों को मंडावर, लक्सर होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। ऋषिकेश व देहरादून से आने वाली रोडवेज बसें मोतीचूर पार्किंग में रुकेंगी। दिल्ली व मेरठ से केदारनाथ-बदरीनाथ जाने वाले यात्री गढ़मुक्तेश्वर, नजीबाबाद, पौड़ी होते हुए जा सकेंगे या दिल्ली एक्सप्रेस-वे का प्रयोग करेंगे। 29 जुलाई से भारी वाहनों को चिड़ियापुर और मंडावर में रोका जाएगा, जबकि 5 से 11 अगस्त तक भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे कांवड़ वाहनों के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

रामनगर। अंतरराष्ट्रीय बाघ दिवस (29 जुलाई) के अवसर पर उत्तराखंड के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व ने एक बार फिर दुनिया के सामने संरक्षण की मिसाल पेश की है। कॉर्बेट में लगातार बढ़ता बाघों का कुनबा न केवल 'प्रोजेक्ट टाइगर' की सफलता की कहानी बयां कर रहा है, बल्कि इसने रामनगर और आसपास के पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था और पर्यटन की तस्वीर बदलकर रख दी है। वर्ष 2006 में कॉर्बेट में जहाँ केवल 150 बाघ थे, वहीं 2022 की गणना के अनुसार इनकी संख्या बढ़कर 260 से अधिक हो चुकी है। यदि आसपास के पूरे लैंडस्केप को मिलाएँ तो यह आंकड़ा 300 के पार पहुँच जाता है। बाघों के इस उच्च घनत्व के कारण कॉर्बेट की पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत हुई है। बाघों के दीदार के लिए देश-विदेश से पहुँचने वाले पर्यटकों की भारी संख्या ने स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार खोले हैं। क्षेत्र में जिप्सी चालकों, मालिकों, नेचर गाइडों, नेचुरलिस्टों के साथ-साथ होटल, रिजॉर्ट और होमस्टे व्यवसाय से जुड़े हजारों लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है। हालाँकि, 1,288 वर्ग किलोमीटर में फैले इस अभयारण्य में बाघों की बढ़ती संख्या के साथ-साथ उनके प्रबंधन और जंगल की सीमाओं के बाहर बढ़ती चुनौतियों पर भी ध्यान देना अब बेहद जरूरी हो गया है।

---- समाप्त ---- 

दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।