गुड़ मॉर्निंग इंडिया: चूहों के बिल से मिला 10 तोला सोना! अग्निपथ के विरोध में फिर आगजनी, जुमे पर हाई अलर्ट? उत्तराखंड में पहाड़ों पर झमाझम बारिश शुरू
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24x7 के गुड़ मॉर्निंग इंडिया प्रोग्राम में आपका स्वागत है। शुरुआत आज के प्रमुख कार्यक्रमों से करते हैं, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को संबोधित करेंगे। वहीं आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का चौथा मैच गुजरात के राजकोट में खेला जाएगा।
आज बड़ी खबरों की शुरुआत एक रोचक खबर से करते हैं, मुंबई पुलिस ने गोकुलधाम कॉलोनी के गटर से 10 तोला सोना बरामद किया है। हैरानी की बात यह है कि यह सोना चोर नहीं बल्कि चूहे उठाकर ले गए थे। दरअसल, एक महिला ने थाने में शिकायत की थी कि उसका सोने के गहनों का थैला खो गया है। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पता चला कि गहनों का थैला चूहे गटर में ले जा रहे हैं।
इधर आज जुमा है। इसे लेकर देशभर में हाईअलर्ट है। दरअसल, बीते दो हफ्तों से दंगाई हिंसा फैला रहे हैं। तीन और 10 जून को शुक्रवार की नमाज के दौरान हालात बेकाबू हो गए थे। इसे देखते हुए पुलिस, PAC और RAF को अलर्ट पर रखा गया है।
उधर हरियाणा के पलवल में पुलिस ने फिलहाल कंट्रोल कर लिया है। पौने दो बजे के करीब नेशनल हाईवे-19 को उपद्रवी युवाओं के कब्जे से मुक्त कराया गया। इसके लिए पुलिस को हवाई फायरिंग के साथ आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े। भड़के युवाओं ने इससे पहले यहां पुलिस की 5 गाड़ियों को जला दिया। DC आवास पर जमकर पथराव किया। करीब चार घंटे तक नेशनल हाइवे जाम रहा।
इधर देश के ब्रांडेड एडिबल ऑयल मैन्युफैक्चर्स ने पाम, सनफ्लावर और सोयाबीन तेल की कीमतों में 20 रुपए प्रति लीटर तक की कमी की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में आई नरमी के बाद ये कटौती की गई है। नए MRP के साथ तेल अगले हफ्ते बाजार में पहुंच जाएगा।
उधर उत्तर प्रदेश में बुलडोजर एक्शन पर सुप्रीम कोर्ट ने योगी सरकार से तीन दिन में जवाब मांगा है। कोर्ट ने कहा-'बिना नोटिस बुलडोजर कार्रवाई नहीं हो सकती, लेकिन कोर्ट बुलडोजर की कार्रवाई पर रोक नहीं लगा सकता। बस सरकार को कानून के मुताबिक कार्रवाई करने के लिए कह सकता है।' अगली सुनवाई 21 जून को होगी।
इधर अफगानिस्तान के इस्लामिक स्टेट्स खोरासान (IS-K) ने भारत में आतंकी हमले की धमकी दी है। यह धमकी IS-K ने अपने अल अजैम फाउंडेशन पर न्यूज बुलेटिन जारी कर दी। बुलेटिन के एक वीडियो में BJP की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को दिखाया गया है। पिछले हफ्ते देश के अलग अलग शहरों में, जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा भी दिखाई गई।
उधर बिहार में तीसरे दिन भी केंद्र की अग्निपथ योजना का विरोध जारी है। शुक्रवार को सुबह-सुबह बक्सर में युवा सड़क पर उतर आए। समस्तीपुर में युवाओं ने ट्रेन में आग लगा दी। बक्सर में सेना में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं ने रेलवे ट्रैक जाम कर दिया है। सरकार के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं, मुंगेर में कृष्ण सेतु पर दर्जनों युवा जमा हो गए हैं। सड़क को जाम कर नारेबाजी कर रहे हैं। मुंगेर से खगड़िया बेगूसराय, भागलपुर और पटना जाने वाली सड़क पर आवागमन बाधित है।
उत्तराखंड की खबरों की बात करें तो आज उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र में विनियोग विधेयक पारित होगा। इसके अलावा गुरुवार को पेश किए गए तीन संशोधन विधेयक भी पारित किए जाएंगे। विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में यह एजेंडा तय किया गया।
उधर उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदली है, सुबह से पहाड़ों पर झमाझम बारिश शुरू हो गयी है। उधर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मैदानी इलाकों की बात करें तो यहां आज अंधड़ के साथ बूंदाबादी हो सकती है।