सहेली का भाई निकला हैवान! नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर नाबालिग से होटल में सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी रडार पर

Friend's brother turns out to be a monster! Minor gang-raped in a hotel after being given a spiked cold drink; four accused under the scanner.

ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ अपनी सहेली के साथ वॉटर पार्क घूमने निकली एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोरी सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हो गई। आरोप है कि सहेली के मुंहबोले भाई और उसके चाचा ने किशोरी को झांसे में लेकर पहले नशीला पदार्थ पिलाया और फिर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। बाद में इस हैवानियत में दो अन्य युवक भी शामिल हो गए। पीड़िता ने अगली सुबह होश आने पर किसी तरह अपने परिजनों को फोन कर आपबीती बताई, जिसके बाद इस पूरे सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने पीड़िता की माँ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बेटी सोमवार को अपनी एक सहेली के साथ वॉटर पार्क जाने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में सहेली का मुंहबोला भाई अपने चाचा के साथ बाइक पर मिला। दोनों अभियुक्तों ने चाल चलते हुए पीड़िता की सहेली को ऑटो से आने को कहा और पीड़िता को अपनी बाइक पर बैठाकर वॉटर पार्क ले गए। सहेली उस वक्त वहाँ पहुँची या नहीं, पुलिस इसकी भी गहनता से तफ्तीश कर रही है। आरोप है कि इसके बाद वे नाबालिग को एक होटल में ले गए, जहाँ उसे कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेसुध कर दिया गया और वारदात को अंजाम दिया गया। नशीले पदार्थ के असर के कारण किशोरी पूरी रात बेसुध रही। इस दौरान कमरे में दो अन्य अज्ञात युवक भी पहुंचे और उन्होंने भी किशोरी के साथ दरिंदगी की। मंगलवार सुबह जब पीड़िता को होश आया, तो उसने किसी तरह फोन अरेंज कर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन आनन-फानन में होटल पहुंचे और उसे वहां से सुरक्षित वापस लाए। पीड़ित परिवार न्याय के लिए पहले ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचा, जहाँ से मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्हें कोतवाली रुद्रपुर भेजा गया। कोतवाली में मौजूद महिला पुलिस अधिकारियों ने तत्काल हरकत में आते हुए पीड़िता के प्राथमिक बयान दर्ज किए और उसे चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल) के लिए अस्पताल भेजा। इस सामूहिक दुष्कर्म मामले में स्थानीय पुलिस प्रशासन होटल प्रबंधन की भूमिका को बेहद संदिग्ध मान रहा है। पुलिस इस बात की गहराई से कानूनी जांच कर रही है कि नियम-कानूनों को ताक पर रखकर, बिना किसी वैध पहचान पत्र और ज़रूरी औपचारिकताएं पूरी किए अभियुक्तों को कमरा कैसे आवंटित कर दिया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए होटल के कमरों और लॉबी के सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज को खंगालकर यह पता लगाया जा रहा है कि अभियुक्त नाबालिग को किस हालत में होटल के अंदर लेकर आए थे और बाद में आने वाले दो अन्य युवक कौन थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में आज पीड़िता के कोर्ट में मजिस्ट्रेट के सामने धारा 164 के तहत विधिक बयान दर्ज कराए जाएंगे। पुलिस की फील्ड यूनिट, फॉरेंसिक टीम और स्थानीय खुफिया तंत्र (एलआईयू) साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। फरार चारों अभियुक्तों की सरगर्मी से तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।