विराट कोहली पर गिरेगी जुर्माने की गाज! जीत के बाद भी विवादों में 'किंग', आउट होने पर हेलमेट-ग्लव्स फेंकने का वीडियो वायरल

Fine Looms Over Virat Kohli! 'King' Embroiled in Controversy Despite Victory; Video of Him Throwing Helmet and Gloves After Dismissal Goes Viral.

मुंबई। वानखेड़े स्टेडियम में रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने मुंबई इंडियंस को 18 रनों से हराकर शानदार जीत तो दर्ज की, लेकिन यह मैच आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के गुस्से के कारण सुर्खियों में आ गया है। अर्धशतक बनाने के बाद आउट हुए कोहली ने मैदान पर कुछ ऐसी हरकत की, जिससे अब उन पर भारी जुर्माना लगने का खतरा मंडरा रहा है।

मैच के दौरान विराट कोहली शानदार लय में दिख रहे थे। उन्होंने 38 गेंदों में 50 रनों की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और एक छक्का शामिल था। हालांकि, अर्धशतक पूरा करते ही वह हार्दिक पांड्या की एक फुल टॉस गेंद पर कैच आउट हो गए। अपनी इस पारी को बड़े स्कोर में न बदल पाने की निराशा कोहली के चेहरे पर साफ दिखी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पवेलियन लौटते समय कोहली अपना आपा खो बैठे। उन्होंने गुस्से में पहले अपने ग्लव्स बाउंड्री लाइन पर फेंके और फिर हेलमेट को भी जमीन पर पटक दिया। कोहली की इस नाराजगी ने अब 'आईपीएल आचार संहिता' के उल्लंघन के सवाल खड़े कर दिए हैं। आईपीएल आचार संहिता के आर्टिकल 2.2 के अनुसार, मैच के दौरान क्रिकेट के साजो-सामान (ग्लव्स, हेलमेट, बैट) या मैदान के उपकरणों को नुकसान पहुंचाना लेवल-1 का अपराध माना जाता है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस व्यवहार के लिए बीसीसीआई कोहली की मैच फीस का 10 से 25 प्रतिशत हिस्सा जुर्माने के तौर पर काट सकती है। साथ ही, उनके रिकॉर्ड में एक डीमैरिट अंक भी जोड़ा जा सकता है। विवादों के बीच विराट कोहली ने एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम की। वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ 1000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। कोहली ने केएल राहुल (977) और शिखर धवन (901) को पीछे छोड़ते हुए मुंबई के खिलाफ 37 मैचों में कुल 1030 रन बना लिए हैं। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 240 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। फिल साल्ट (78) और विराट कोहली (50) ने 120 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप कर टीम को तूफानी शुरुआत दी। इसके बाद रजत पाटीदार ने मात्र 20 गेंदों में 53 रन कूट डाले। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम कड़ी टक्कर के बावजूद 20 ओवर में 222 रन ही बना सकी और 18 रनों से मैच हार गई।