आस्थाः राम मंदिर के शिखर पर फहराया ध्वज! प्रधानमंत्री मोदी बोले- ये ध्वज सदियों के सपने के साकार होने का प्रतीक है, संघ प्रमुख भी हुए शामिल
अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने आज अयोध्या स्थित राम मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराया। इस दौरान पीएम मोदी ने रामलला के दर्शन किए और राम दरबार में पूजा-अर्चना भी की। यह भव्य कार्यक्रम विवाह पंचमी के शुभ अवसर पर आयोजित किया गया, जिसका धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। बता दें कि 161 फीट ऊंचे शिखर पर फहराया गया यह केसरिया ध्वज त्याग, धर्मनिष्ठा और रामराज्य के मूल्यों का प्रतीक है। ध्वजारोहण के साथ ही पूरी अयोध्या नगरी में भक्ति, उत्साह और अलौकिक वैभव का माहौल छा गया। श्रद्धालु अपनी आंखों के सामने ये विहंगम दृश्य देखकर भाव विभोर हो गए। दूर-दूर से लोग धर्म ध्वजा को लहराते हुए देखने के लिए राम नगरी आए हुए थे। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी आज सुबह करीब 10 बजे अयोध्या पहुंचे। यहां हजारों लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया। यहां उन्होंने सप्तमंदिर में पूजा की। शेषावतार मंदिर गए। राम दरबार में मंत्रोच्चार के बीच आशीर्वाद लिया और राम लला के भी दर्शन किए। इन सबके बाद उन्होंने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज अयोध्या नगरी भारत की सांस्कृतिक चेतना के एक और पल की साक्षी बन रही है। आज संपूर्ण भारत, संपूर्ण विश्व राममय है। आज रामभक्तों के दिल में असीम आनंद है। सदियों के घाव भर रहे हैं। सदियों का संकल्प आज सिद्धि को प्राप्त हो रहा है। आज उस यज्ञ की पूर्णाहूति है, जिसकी अग्नि पांच सौ वर्ष तक प्रज्ज्वलित रही। आज भगवान श्रीराम के गर्भगृह की अनंत ऊर्जा प्रतिष्ठापित हुआ। यह धर्मध्वज इतिहास के सुंदर जागरण का रंग है।