शिक्षा विभाग का एक्शनः रुद्रपुर में बिना मान्यता चल रहे स्कूलों पर कसा शिकंजा! 7 स्कूलों को नोटिस जारी, रजिस्ट्रेशन नहीं होने पर होगी सख्त कार्रवाई
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में बिना मान्यता और बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने रुद्रपुर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित सात स्कूलों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि स्कूल संचालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए या बिना मान्यता स्कूल संचालित करते पाए गए, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जिले में कुछ निजी स्कूल बिना आवश्यक पंजीकरण और मान्यता के संचालित किए जा रहे हैं। शिकायतों के सत्यापन के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर के संजय नगर और खेड़ा क्षेत्र में संचालित सात स्कूलों को नोटिस जारी किए हैं। नोटिस जारी किए गए स्कूलों में मिशन अकैडमी, सम्राट स्कूल, अभिराज स्कूल, गीता सदन सहित अन्य दो-तीन विद्यालय भी शामिल हैं। इन सभी स्कूलों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जिले में बिना मान्यता और बिना रजिस्ट्रेशन के किसी भी विद्यालय का संचालन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले ऐसे संस्थानों के खिलाफ विभाग पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि नोटिस का जवाब प्राप्त होने के बाद प्रत्येक मामले की जांच की जाएगी। यदि जांच में स्कूल बिना वैध अनुमति के संचालित पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे विद्यालयों को बंद कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।