Oct 11, 2026 Login
Awaaz24x7-government

UKSSSC पेपर लीक मामले में कई जगहों पर ईडी की रेड! यूपी समेत उत्तराखंड के कई शहरों में छापेमारी

ED raids at many places in UKSSSC paper leak case! Raids in many cities of Uttarakhand including UP

उत्‍तराखंड/यूपी में आज ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि ईडी ने यूकेएसएसएससी पेपर लीक घोटाले को लेकर कई अलग-अलग जगह छापेमारी की है। घोटाले में शामिल आरोपियों के घरों में ईडी की टीमें मौजूद हैं और कार्रवाई कर रही हैं।

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में ईडी की टीम कार्रवाई कर रही है। इस कड़ी में बताया गया है कि पेपर लीक मामले में ईडी की टीम ने जसपुर के मौहल्ला जुलाहान व हाल मानुपर रोड प्रकाश रेजीडेंसी निवासी संदीप शर्मा के आवास पर सम्पत्ति की जांच हेतु कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने परिवार से जरूरी जानकारी भी इकट्ठा की।

बताया जा रहा है कि देहरादून के दशमेश विहार में टीम पहुंची , यहां आरोपित हाकम सिंह रावत की प्रॉपर्टी है। आरोपित न्यायालय के आदेश पर इस समय जेल में बंद है। टीम ने मंगलवार प्रातः करीब 6 बजे उसके निवास पर पहुंचकर सम्पत्ति की जांच की व परिजनों से पूछताछ कर जरूरी जानकारी प्राप्त की है।

वहीं, उधमसिंह नगर जिले के काशीपुर में ईडी की टीम पहुंची है। काशीपुर में UKSSSC पेपर लीक के 35वें आरोपी संदीप शर्मा घर भी ईडी की टीम दस्तावेज खंगाल रही है। संदीप शर्मा का घर काशीपुर की प्रकाश रेजेडेंसी कॉलोनी में है, जहां ईडी की टीम उनके परिजनों से पूछताछ करने में जुटी हुई है।  UKSSSC पेपर लीक मामले में संदीप शर्मा पर आरोप है कि उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर उधमसिंह नगर और हरिद्वार के कुछ अभ्यर्थियों का यूपी के गाजियाबाद में एक फ्लैट में पेपर हल करवाया था। संदीप शर्मा के उधमसिंह नगर जिले के जसपुर और ठाकुरद्वारा में आयुर्वेदिक और पैरा मेडिकल सहित तीन कॉलेज हैं। आरोपी संदीप शर्मा भी पिछले 9 महीने से जेल में बंद है।

वहीं बताया गया कि UKSSSC पेपर लीक के मास्टर माइंड केंद्रपाल के यूपी के बिजनौर जिले के धामपुर में स्थित घर में भी ईडी की टीम ने सुबह से डेरा डाला हुआ है। ईडी के अधिकारी केंद्रपाल के बैंक खाते समेत अन्य दस्तावेज और संपत्ति के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। केंद्रपाल की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है।