भूकंप ने मचाया तांड़वः म्यांमार और थाईलैंड में तबाही जैसा मंजर, विचलित करने वाली तस्वीरें आईं सामने

नई दिल्ली। म्यांमार में आज शुक्रवार को आए भूकंप ने खासी तबाही मचा दी है। झटके इतने जबरदस्त थे कि थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भी इन्हें महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र म्यांमार का बताया जा रहा है। भूकंप के झटकों की वजह से म्यांमार के मांडलेय में इरावडी नदी पर कथित तौर पर लोकप्रिय एवा ब्रिज ढह गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक रिक्टर पैमाने पर भूकंप के पहले झटके की तीव्रता 7.7 जबकि दूसरे की 7.0 रही।
खबरों के अनुसार अब तक इस भीषण भूकंप में 13 लोग मारे गए हैं, जबकि अनादोलू अजांसी के अनुसार 26 लोगों की मौत हो गई है और 43 लापता हैं। भूकंप के कारण थाईलैंड की गगनचुंबी इमारत झरने में तब्दील हो गई। इसके टॉप पर बने स्विमिंग पूल का पानी झरने की तरह इमारत की चोटी से नीचे गिरने लगा। म्यांमार की सत्ताधारी सेना ने भूकंप के बाद अंतरराष्ट्रीय सहायता मांगी है।
इसके साथ ही देश के छह क्षेत्रों में आपातकाल की घोषणा की है। इधर भारतीय वायुसेना का C 17 ग्लोबमास्टर विमान बैंकॉक और म्यांमार के लिए स्टैंडबाय पर है। सहायता के लिए उपकरण और टीम ले जाने के लिए अंतिम आदेश का इंतजार कर रहा है।
वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप के बाद की स्थिति से चिंतित हूं। सभी की सुरक्षा और खुशहाली के लिए प्रार्थना करता हूं। भारत हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। इस संबंध में, हमने अपने अधिकारियों से तैयार रहने को कहा है। साथ ही विदेश मंत्रालय से म्यांमार और थाईलैंड की सरकारों के साथ संपर्क में रहने को कहा है।