आतंकी का ठिकानाः लाहौर में छिपकर बैठा है हाफिज सईद! सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए दिखा घर

Terrorist's hideout: Hafiz Saeed is hiding in Lahore! House seen through satellite images

नई दिल्ली। पहलगाम हमले के बाद जहां आतंकियों को लेकर देशभर में खासा आक्रोश देखने को मिल रहा है, वहीं भारत सरकार लगातार पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन मोड पर नजर आ रही है। इस बीच पहलगाम हमले के मुख्य आरोपी और लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद का लाहौर में सीक्रेट ठिकाने का पता चल गया है। खबरों के मुताबिक हाफिज सईद के लाहौर में होने की जानकारी सामने आई है। यह दावा सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए किया जा रहा है। तस्वीरों में हाफिज सईद का घर साफ देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि वह यहां खुले में आम लोगों के बीच रह रहा है। हाफिज का यह नया ठिकाना लाहौर के जोरम टाउन में है। यहां उसे त्रिस्तरीय सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। जानकारी के अनुसार हाफिज सईद की सुरक्षा में पाकिस्तानी सेना के जवान, वहां की स्थानीय पुलिस और प्राइवेट गार्ड 24 घंटे तैनात रहते हैं। सैटेलाइट तस्वीरों में दिख रहा है कि हाफिज सईद एक इमारत में परिवार के साथ रहता है। उसके ठिकाने के सामने एक प्राइवेट पार्क भी है। इसी परिसर की बिल्डिंग नंबर दो में मस्जिद और मदरसा है, जिसके नीचे बंकर बना है। यहीं से हाफिज आतंकियों को ऑपरेट करता है।

बता दें कि लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद को 2008 मुंबई हमले का मास्टरमाइंड माना जाता है। संयुक्त राष्ट्र ने उसे वैश्विक आतंकी घोषित कर रखा है। लश्कर का हेडक्वार्टर पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुरिदके में माना जाता है। हाफिज और लश्कर भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं, क्योंकि वह कश्मीर और अन्य हिस्सों में आतंकी गतिविधियों को स्पॉन्सर करता है। पाकिस्तान सरकार ने पिछले महीने हाफिज सईद के करीबी अबू कताल की हत्या के बाद उसकी सुरक्षा कड़ी कर दी थी। आईएसआई ने सईद की सुरक्षा की समीक्षा की थी और उनके आवास को जेल के तौर पर तब्दील किया गया था।