रेड अलर्ट के चलते नैनीताल जिले में 10 जुलाई को भी सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, जिला प्रशासन ने घोषित किया अवकाश

Due to the red alert, all schools and Anganwadi centers in Nainital district will remain closed on July 10; the district administration has declared a holiday.

नैनीताल। भारत मौसम विभाग द्वारा जनपद नैनीताल के लिए जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर जिला प्रशासन ने शुक्रवार 10 जुलाई 2026 को जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। जारी आदेश के अनुसार मौसम विभाग ने 10 जुलाई को जनपद में बहुत भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा तेज से अत्यंत तेज बारिश के दौर की संभावना जताई है। लगातार हो रही वर्षा के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।