प्रधानमंत्री मोदी के 12 किमी रोड शो के लिए दून बना अभेद्य किला! 3000 जवानों का पहरा, ड्रोन पर पाबंदी और 13 जोन में बंटी सुरक्षा
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे और राजधानी देहरादून में होने वाले ऐतिहासिक 12 किलोमीटर लंबे रोड शो को लेकर पुलिस प्रशासन ने 'अभेद्य' सुरक्षा कवच तैयार किया है। सुरक्षा व्यवस्था इतनी चाक-चौबंद है कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर है। इस महा-आयोजन की कमान खुद डीजीपी दीपम सेठ ने संभाल ली है, जिन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा में मामूली चूक की भी गुंजाइश न रहे।
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए कुल 3000 पुलिसकर्मियों की फौज तैनात की गई है। इस बार की सुरक्षा व्यवस्था की खास बात यह है कि इसमें 550 महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ये महिला कर्मी कंट्रोल रूम से लेकर फील्ड ड्यूटी तक तैनात रहेंगी। सुरक्षा के मद्देनजर प्रत्येक प्रतिभागी का सत्यापन (Verification) अनिवार्य कर दिया गया है। डीजीपी ने निर्देश दिए हैं कि बिना सघन चेकिंग, हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से गुजरे बिना किसी को भी कार्यक्रम स्थल में प्रवेश न दिया जाए। प्रधानमंत्री के 12 किलोमीटर लंबे विशाल रोड शो मार्ग को 13 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी एक जोनल मजिस्ट्रेट के पास होगी, जिनके सहयोग के लिए सेक्टर और नोडल ऑफिसर तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने मुख्य मंच, ग्रीन रूम, इंटरनेट और अन्य प्रोटोकॉल सुविधाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए पूरे शहर में ड्रोन का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। संवेदनशील स्थानों, ऊंची इमारतों और जल टंकियों की जांच बम निरोधक दस्ते और श्वान दल द्वारा लगातार की जा रही है। शहर के सभी होटलों, गेस्ट हाउसों और संदिग्ध ठिकानों पर सघन चेकिंग अभियान और सत्यापन प्रक्रिया जारी है। प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सोमवार को पुलिस ने 'मिनट टू मिनट' रिहर्सल की। आशारोड़ी से लेकर गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड तक पीएम की फ्लीट का सफल ट्रायल किया गया। इस दौरान आईएसबीटी, जीएमएस रोड, माजरा और निरंजनपुर जैसे व्यस्त मार्गों को बैरिकेडिंग कर कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। फ्लीट गुजरने के साथ ही यातायात को धीरे-धीरे सुचारू किया गया। एसएसपी के नेतृत्व में जनपद की सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले प्रत्येक वाहन की सघन तलाशी ली जा रही है। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और रूट डायवर्जन के अनुसार ही अपनी यात्रा का प्लान बनाएं।