नैनीताल में 100वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का मंडलायुक्त दीपक रावत ने किया भव्य शुभारंभ,देशभर की 49 टीमें लेंगी हिस्सा

Divisional Commissioner Deepak Rawat inaugurated the 100th All India Trades Cup Hockey Competition in Nainital with great pomp and show; 49 teams from across the country will participate.

नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल के ऐतिहासिक डीएसए मैदान में गुरुवार को 100वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का रंगारंग और भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने फीता काटकर तथा हॉकी स्टिक से गेंद पर शॉट लगाकर किया। इस मौके पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

 

 प्रतियोगिता के उद्घाटन से पूर्व तल्लीताल रोडवेज स्टेशन से डीएसए मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में नैनीताल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले ओलंपियन राजेंद्र रावत तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों नरेंद्र बिष्ट और ललित शाह को विशेष रूप से सुसज्जित वाहन में सम्मानपूर्वक शामिल किया गया। माल रोड से गुजर रही इस आकर्षक शोभायात्रा का नगरवासियों ने जगह-जगह स्वागत किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

शोभायात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, पुलिस बैंड, पारंपरिक छोलिया नृत्य दल, महिला समूहों और सांस्कृतिक टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगी झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे नगर को खेल उत्सव के माहौल में बदल दिया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए दीपक रावत ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, समर्पण और टीम भावना जैसे गुणों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

समारोह के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं, सांस्कृतिक दलों और छोलिया कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। डीएसए महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता के 100वें संस्करण में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 49 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य हॉकी खेल को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला रुद्रपुर और आगरा की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचक मुकाबला देखने का अवसर दिया।

इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, वरिष्ठ अधिवक्ता डीके शर्मा को चेयरमैन बार काउंसिल ऑफ इंडिया, दर्जा मंत्री दिनेश आर्या, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, डीएसए उपाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, हॉकी सचिव चंद्र लाल शाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खेल पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।