जानलेवा शरारतः स्कूल के हॉस्टल में सहपाठियों ने सोते समय आंख में डाल दी फेवीक्विक! 8 छात्रों की चिपक गईं आंखें, मचा हड़कंप

नई दिल्ली। ओडिशा के कंधमाल जिले से एक हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है, यहां फ़िरिंगिया ब्लॉक के सलागुडा में सेबाश्रम स्कूल में कुछ शरारती छात्रों ने अपने सहपाठियों की आंखों में फेवीक्विक डाल दिया। जिससे छात्रों की आंखें चिपक गईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरा मामला सेबाश्रम स्कूल के हॉस्टल का बताया जा रहा है। फिलहाल कलेक्टर ने पूरे मामले के जांच के आदेश दिए हैं। घटना को लेकर जहां लोगों ने हैरानी जताई है, वहीं आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। जानकारी के अनुसार कंधमाल जिले के फ़िरिंगिया ब्लॉक के सलागुडा में सेबाश्रम स्कूल है। यहां हॉस्टल में शुक्रवार की देर रात जब छात्र सो रहे थे, तभी कुछ सहपाठियों ने 8 छात्रों के आंखों पर फेवीक्विक डाल दिया, जिससे छात्रों की आंखें चिपक गईं। आंखें चिपक जाने की वजह से छात्र आंख भी नहीं खोल पा रहे थे। जिसके बाद उन्हें पहले गोछापाड़ा अस्पताल ले जाया गया और बाद में अच्छे उपचार के लिए फूलबनी जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया, जबकि एक छात्र को ठीक होने के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं सात अन्य का अभी भी इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने पुष्टि की कि चिपकने वाले पदार्थ से आंखों को नुकसान हुआ है। हालांकि समय पर उपचार मिलने से गंभीर घटना को रोकने से मदद मिली। इधर घटना के बाद जिला प्रशासन ने स्कूल के प्रधानाध्यापक मनोरंजन साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।