वन विभाग टीम पर फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी दलजीत सिंह गिरफ्तार, 12 बोर बंदूक भी बरामद
ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में वन विभाग की टीम पर की गई जानलेवा फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली बाजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य आरोपी दलजीत सिंह उर्फ डल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 12 बोर बंदूक भी बरामद कर ली गई है। मामले के अनुसार 17 फरवरी 2026 को बरहनी वन प्रभाग के वन दरोगा ठाकुर दत्त ध्यानी ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर बताया कि 14 फरवरी 2026 की रात जंगल गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दलजीत सिंह उर्फ डल्लू अपने कुछ साथियों के साथ अवैध रूप से पेड़ काटने के औजार और असलहे लेकर जंगल की ओर गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमों को अलर्ट किया गया और संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।
प्रातः करीब 5:45 बजे ग्राम अस्कोट संपर्क मार्ग पर वन विभाग की टीम को पांच मोटरसाइकिलें दिखाई दीं, जिन पर खैर की लकड़ी लदी हुई थी। जब टीम ने मोटरसाइकिल सवारों को रुकने का संकेत दिया तो वे असंतुलित हो गए और लकड़ी के गिल्टे सड़क पर गिर गए। इसी दौरान दलजीत सिंह उर्फ डल्लू और उसके साथियों ने कथित रूप से वन विभाग की टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई।घटना के संबंध में कोतवाली बाजपुर में एफआईआर संख्या 40/26 धारा 109(1), 191(2), 191(3), 221 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सघन सुरागरसी और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर 18 फरवरी 2026 की देर रात आरोपी को बरहनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि फायरिंग में प्रयुक्त बंदूक उसने जंगल में छिपा दी थी। उसकी निशानदेही पर हरसान कपकोट सड़क के पास झाड़ियों से 12 बोर बंदूक बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी को चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटान और वन कर्मियों पर हमले जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।