ऑपरेशन लंगड़ा' से कांपे बदमाश: पुलिस पर हमला कर सरकारी पिस्टल छीनने वाले अपराधी को मुठभेड़ में लगी गोली
खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले में खाकी पर हाथ डालने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत बेहद खौफनाक और बड़ी कार्रवाई की है। बेलदौर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर सरकारी पिस्टल और मोबाइल लूटकर फरार होने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने एक भीषण मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी और आत्मरक्षार्थ फायरिंग में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए लूटी गई सरकारी पिस्टल और मोबाइल भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है।
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए खगड़िया के पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि बेलदौर थाना क्षेत्र के कुर्वन भवन के समीप पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आपराधिक प्रवृत्ति के इन तीनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर अचानक जानलेवा हमला बोल दिया। इस दौरान वे एक पुलिसकर्मी से उसकी सरकारी पिस्टल और मोबाइल फोन बलपूर्वक छीनकर हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए। खाकी को चुनौती देने वाली इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और अपराधियों के संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। इसी कड़ी में पुलिस ने घटना में शामिल मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार उर्फ अखिलेश सदा (पिता लालो सदा, निवासी पूरबन, वार्ड संख्या-04, थाना बेलदौर) को धर दबोचा। उसके पास से लूटा गया सरकारी असलहा और मोबाइल बरामद कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब पुलिस टीम आरोपी अखिलेश को दबोचने का प्रयास कर रही थी, तब उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर दोबारा हमला कर भागने की कोशिश की। बदमाशों के हौसले पस्त करने और आत्मरक्षा में पुलिस ने नियंत्रित जवाबी फायरिंग (काउंटर फायरिंग) की। इस मुठभेड़ में एक गोली सीधे आरोपी अखिलेश के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कड़े पहरे के बीच उसका इलाज चल रहा है। इस एनकाउंटर के बाद खगड़िया पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। घटना में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी ने दावा किया है कि क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और विधि-व्यवस्था सामान्य है। पुलिस इस पूरे सिंडिकेट की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही बाकी अपराधी भी सलाखों के पीछे होंगे।