ड्रग्स माफिया पर शिकंजाः हल्द्वानी में चेकिंग के दौरान बड़ी बरामदगी! 60 लाख की स्मैक के साथ रुद्रपुर की महिला गिरफ्तार, नैनीताल पुलिस की संयुक्त टीम ने किया खुलासा

Crackdown on the drug mafia: Major seizure made during checking in Haldwani! Rudrapur woman arrested with smack worth 60 lakh rupees, revealed by a joint team of Nainital police.

नैनीताल। उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चल रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में जनपद में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिसका असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। इसी अभियान के तहत एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बेलबाबा क्षेत्र के पास की गई, जहां संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 203 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार महिला की पहचान कनिका, निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। एसएसपी ने इस सफलता पर पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2500 रुपये का पुरस्कार भी घोषित किया है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ड्रग्स तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। टीम में उ.नि. मनोज कुमार, हे. कां. पुष्पा देवी, कां. अनिल टम्टा, तारा सिंह, कुन्दन कठायत, भूपेन्द्र ज्येष्ठा शामिल रहे।