कारगी कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, डंपिंग जोन का आरोप लगाकर नगर निगम में दिया धरना

Congress protests against Kargi garbage transfer station, accuses it of being a dumping zone and stages a sit-in at the Municipal Corporation.

देहरादून। कारगी स्थित कूड़ा मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया और ट्रांसफर स्टेशन के नाम पर कूड़ा डंपिंग किए जाने का आरोप लगाया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिसे मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन बताया जा रहा है, वह वास्तव में एक स्थायी कूड़ा डंपिंग जोन में तब्दील हो चुका है। यहां लगातार कूड़ा जमा किया जा रहा है, जिससे यह इलाका एक बड़े कूड़ाघर का रूप ले चुका है। दुर्गंध और गंदगी के कारण कारगी, आईएसबीटी और ब्राह्मणवाला क्षेत्र के हजारों लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं।

प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों ने कहा कि कूड़े के ढेर और बदबू की वजह से स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके नगर निगम और प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। कांग्रेस ने मांग की कि इस कथित ट्रांसफर स्टेशन को तुरंत हटाया जाए और कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था की जाए। ज्योति रौतेला ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। उन्होंने कहा कि जनता की सेहत और पर्यावरण से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।