सीएम मोहन यादव के ससुर ने यूपी में ली अंतिम सांस! संघ में महाकौशल से था गहरा नाता

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के ससुर का आकस्मिक निधन हो गया। वे कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनको इलाज के लिए उन्हें पैतृक निवास उत्तर प्रदेश के अम्बेडकर नगर से सुल्तानपर जिला अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बाद मंगलवार की शाम उन्हें वापस घर लाया गया, जिसके कुछ घंटे बाद ही उनका निधन हो गया। दुख की इस घड़ी में मुख्यमंत्री मोहन यादव और उनकी पत्नी विदेश दौरे पर हैं. जिसके चलते अंतिम यात्रा में शामिल हो पाना संभव नहीं है। दिवंगत ब्रह्मानंद यादव का अंतिम संस्कार रीवा में बुधवार को किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के साले सदानंद यादव ने बताया, उनकी आयु 98 वर्ष थी। वे उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के अम्बेडकर नगर स्थित अपने पैतृक गांव गए हुए थे। जहां वे लंबे समय से बीमार चल रहे रहे थे। बीमारी के चलते अचानक से पिताजी का स्वास्थ्य खराब हो गया था। उनका इलाज सुल्तानपुर जिला अस्पताल में कराया गया था। स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उन्हें मंगलवार की शाम को घर लेकर आ गए थे। जिसके बाद शाम 6:30 बजे उनका निधन हो गया। सदानंद यादव ने बताया, उनके पिता ब्रह्मानंद यादव की जन्म स्थली यूपी अयोध्या थी और रीवा कर्म भूमि थी। 45 वर्षों तक रीवा में रहने के दौरान वे शासकीय विद्यालय में शिक्षक के पद पर रहे और फिर प्रधानाध्यापक पद से रिटायर्ड हुए। पिता का कर्म क्षेत्र रीवा रहा, इसलिए उनका अंतिम संस्कार बुधवार को रीवा में किया जाएगा। सदानंद यादव ने बताया कि "उनकी बहन और बहनोई मोहन यादव विदेश दौरे पर हैं। उनके आने की संभावना बेहद कम है। वह पिताजी की अंतिम यात्रा में शामिल हो पाएंगे। सीएम मोहन यादव के ससुर ब्रह्मानंद के निधन खबर की सूचना मिलते ही उनके रीवा स्थित निवास में संवेदनाएं व्यक्त करने भाजपा रीवा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता पहुंचे। उन्होंने कहा, देर रात सीएम के ससुर ब्रह्मानंद यादव के निधन की सूचना मिली थी। हम सब ने उनके रीवा स्थित निवास पर आकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात करके संवेदनाऐं व्यक्त की है। उनका पार्थिव शरीर अयोध्या से रीवा के संजय नगर स्थित आवास पर लाया गया।