IndiGo flight में मची अफरातफरी!लैंडिंग से पहले मुझपर भूत का साया कहकर इमरजेंसी एक्जिट गेट खोलने लगा यात्री,पायलट की सूझ बूझ से टला बड़ा हादसा

Chaos Erupts on IndiGo Flight! Passenger Attempts to Open Emergency Exit Gate Before Landing, Claiming to Be Possessed by a Ghost; Major Disaster Averted Thanks to Pilot's Presence of Mind.

बेंगलुरु से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-185 में शनिवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक यात्री ने लैंडिंग से कुछ मिनट पहले विमान का इमरजेंसी एग्जिट गेट खोलने का प्रयास किया। इस घटना ने विमान में सवार यात्रियों को दहशत में डाल दिया और फ्लाइट की सुरक्षित लैंडिंग पर गंभीर खतरा पैदा हो गया।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के निवासी मोहम्मद अदनान नामक यात्री ने उड़ान शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद भी दरवाजे से छेड़छाड़ की थी। उस समय क्रू मेंबर्स ने उसे चेतावनी दी, जिसके बाद उसने अपनी हरकत को “गलती” बताकर मामला शांत कर दिया।
लेकिन असली घटना रात करीब 10:20 बजे हुई, जब विमान वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने ही वाला था। विमान लगभग 500 फीट की ऊंचाई पर था, तभी यात्री ने एक बार फिर इमरजेंसी एग्जिट हैंडल खींचने की कोशिश की।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए चालक दल ने तुरंत सतर्कता दिखाई और पायलट ने सूझबूझ से लैंडिंग रोककर ‘गो-अराउंड’ (Go-Around) प्रक्रिया अपनाई। इसके बाद रात 10:35 बजे विमान को सुरक्षित रूप से लैंड कराया गया। इस दौरान विमान में मौजूद यात्रियों में काफी डर का माहौल रहा, हालांकि सभी सुरक्षित रहे और क्रू की सूझबूझ की सराहना की।
लैंडिंग के बाद प्रोटोकॉल के तहत आरोपी यात्री को एयरपोर्ट सुरक्षा कर्मियों और CISF के हवाले कर दिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले अजीब दावा किया कि उस पर “भूत का साया” था और उसे अपने कार्य का आभास नहीं था। हालांकि बाद में पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह गोवा से छुट्टियां बिताकर लौट रहा था और उसे यह जानकारी नहीं थी कि वह इमरजेंसी एग्जिट हैंडल से छेड़छाड़ कर रहा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। साथ ही उसके परिवार को भी मऊ से वाराणसी बुलाया गया है ताकि पूरे मामले की गहन जांच की जा सके।