चंपावतः अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही 4 वर्षीय मासूम इंदु! समाजसेवी सचिन जोशी ने लोगों से की मदद की अपील

लोहाघाट। चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक की रेगांव ग्राम सभा के लुवाकोट की रहने वाली 4 वर्षीय मासूम इंदु अधिकारी लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है। इस समय इंदु को लोगों की मदद की सख्त जरूरत है। इंदु की मां नंदी देवी भी गंभीर बीमारी से पीड़ित है जिनका वर्तमान में चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। शनिवार को इंदु की बड़ी बहन चंदा देवी गंभीर हालत में इंदु को लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लेकर आई। इंदु को सांस लेने में काफी दिक्कत आ रही है। सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी के प्रयासों से इंदु को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां फिजिशियन डॉक्टर राकेश जोशी द्वारा इंदु का परीक्षण कर उन्हें बेहतरीन उपचार की जरूरत बताई है। सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी ने बताया इंदु का जन्म प्रमाण पत्र न होने की वजह से आयुष्मान कार्ड भी नहीं बन पा रहा है और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय है। पिता भी शारीरिक कमजोरी के कारण रोजगार करने में असमर्थ हैं और मां अस्पताल में भर्ती है। सचिन जोशी इस परिवार की सेवा व मदद करने में जुटे हुए है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों, व्यापारियों, सामाजिक संस्थाओं व जनप्रतिनिधियों से मासूम इंदु की जान बचाने के लिए मदद की अपील की है। ताकि इंदु एक बार फिर से मुस्कुरा उठे। कहा कि इंदु को इस वक्त मदद की अत्यधिक आवश्यकता है लोग आगे आएं और इंदु की आर्थिक मदद कर उसकी जान बचाएं। सचिन जोशी ने कहा जो भी दानदाता इंदु की मदद करना चाहता है वह उनसे 9411308836 न. में संपर्क कर सकता है।