CBSE Board Exam 2026:मिडिल ईस्ट में 10वीं-12वीं की परीक्षा रद्द होने की खबर फर्जी, CBSE ने जारी की सफाई
नई दिल्ली। CBSE (Central Board of Secondary Education) ने मिडिल ईस्ट क्षेत्र में कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं रद्द किए जाने की खबरों को पूरी तरह से अफवाह बताया है। बोर्ड ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक फर्जी सर्कुलर को लेकर छात्रों और अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है। CBSE ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट जारी कर स्पष्ट किया कि वायरल किया जा रहा सर्कुलर असली नहीं है और उस पर विश्वास न किया जाए।

सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे फर्जी नोटिस में दावा किया गया था कि मिडिल ईस्ट के कुछ देशों में खराब हालात और चल रहे संघर्ष के कारण कक्षा 10 और 12 की कुछ परीक्षाएं रद्द की जा रही हैं। नोटिस में 28 फरवरी तक भाषा विषयों की परीक्षा रद्द करने और 7 मार्च 2026 को प्रस्तावित कक्षा 10 की सोशल साइंस (SST) परीक्षा को स्थगित करने की बात भी कही गई थी। CBSE ने साफ किया कि इस तरह की कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की गई है और सभी छात्र केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर ही भरोसा करें।
बोर्ड के अनुसार, वर्ष 2026 की कक्षा 10 और 12 की परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जा रही हैं। इस वर्ष कक्षा 10 की परीक्षा में लगभग 25 लाख छात्र शामिल हो रहे हैं, जिनमें करीब 14 लाख छात्र और 10.9 लाख छात्राएं हैं, जबकि कक्षा 12 की परीक्षा में लगभग 18.5 लाख विद्यार्थी शामिल हैं। भारत सहित विदेशों के 26 देशों में CBSE की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। कक्षा 10 के लिए 8,074 और कक्षा 12 के लिए 7,574 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि कुल मिलाकर 43 लाख से अधिक छात्र इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।