बुल्ली बाई एप ब्रेकिंग:उत्तराखंड से एक और हुई गिरफ्तारी, कोटद्वार से मुंबई पुलिस ने देर रात पकड़ा बीएससी के छात्र को
बुल्ली बाई एप के तार उत्तराखंड से भी जुड़े मिले है। तफ्तीश में उधमसिंह नगर की एक युवती की गिरफ्तारी के बाद अब एक और युवक को भी मामले में गिरफ्तार किया गया है। मुम्बई पुलिस ने मंगलवार देर रात कोटद्वार से मयंक रावत नाम के युवक को गिरफ्तार किया है। मयंक दिल्ली में जाकिर हुसैन कॉलेज में बीएससी का छात्र है। युवक ने ट्वीटर पर अकॉउंट बनाया है जिसे मयंक संचालित करता था और इसी के माध्यम से समुदाय विशेष की महिलाओं की बोली लगवाई जा रही थी।
कोटद्वार पुलिस ने मयंक रावत की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। कोतवाल विजय सिंह ने स्थानीय मीडिया को बताया कि मुंबई पुलिस की टीम मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे के आसपास निम्बूचौर में दबिश के लिए पहुंची और युवक को वही से गिरफ्तार किया। मयंक रावत की पेशी अब स्थानीय कोर्ट में होगी,फिर उसे ट्रांजिट रिमांड के बाद पुलिस मुंबई ले जायेगी।
आपको बता दें कि बुल्ली बाई एप के ज़रिए मुस्लिम समुदाय की महिलाओं की फ़ोटो अपलोड की जा रही है और उनकी बोली लगवाई जा रही है। इस मामले में एक मुस्लिम महिला पत्रकार की भी फ़ोटो एप में अपलोड की गई थी। वही इस मामले में बीते रोज उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के रुद्रपुर से 18 वर्षीय युवती को भी गिरफ्तार किया गया है। युवती का नाम श्वेता बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक बुल्ली एप में अब तक 100 से भी ज़्यादा महिलाओं की फ़ोटो अपलोड की गई है । पुलिस ने इस मामले में बेंगलुरु से इंजीनियरिंग के एक छात्र को भी गिरफ्तार किया है,उसने खालसा सुपरमिस्ट के नाम से अकॉउंट बनाया था।
उत्तराखंड पुलिस भी अब इस मामले में नज़र बनाये हुए है। हालांकि अभी तक उत्तराखंड से किसी भी महिला पीड़ित का नाम सामने नही आया है लेकिन बुल्ली एप से जुड़े तार सामने आने के बाद पुलिस चौकन्नी हो गयी है