हैवानियतः उदयपुर में चलती कार में IT कंपनी मैनेजर से गैंगरेप! CEO ही बना खलनायक, तीन आरोपी गिरफ्तार

Brutality: An IT company manager was gang-raped in a moving car in Udaipur! The CEO himself was the villain, and three accused were arrested.

नई दिल्ली। राजस्थान के उदयपुर से सनसनीखेज घटना सामने आई है, यहां उदयपुर में एक निजी कंपनी की महिला मैनेजर के साथ चलती कार में गैंगरेप किया गया। पीड़िता ने अपनी ही कंपनी के सीईओ और महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति पर इस वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खबरों के अनुसार 20 दिसंबर को कंपनी के सीईओ की बर्थडे और न्यू ईयर पार्टी शोभागपुरा स्थित एक होटल में आयोजित की गई थी। पीड़िता रात करीब 9 बजे पार्टी में पहुंची। कार्यक्रम देर रात तक चला और करीब 1ः30 बजे पार्टी समाप्त हुई। इस दौरान पीड़िता की तबीयत खराब होने लगी और वह घर लौटना चाहती थी। कुछ लोग उसे घर छोड़ने की तैयारी में थे, तभी कंपनी की एक महिला एग्जीक्यूटिव हेड ने आफ्टर पार्टी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद पीड़िता को कार में बैठाया गया। कार में पहले से महिला एग्जीक्यूटिव हेड का पति और कंपनी का सीईओ मौजूद थे। पीड़िता को बताया गया कि उसे घर तक छोड़ दिया जाएगा। रास्ते में कार एक दुकान पर रुकी, जहां से स्मोकिंग से संबंधित सामग्री ली गई। इसके बाद कार के भीतर ही पीड़िता को स्मोक कराया गया। कुछ ही समय में उसकी हालत बिगड़ती चली गई और वह सामान्य स्थिति में नहीं रही। पीड़िता के अनुसार इसके बाद की घटनाएं उसे स्पष्ट रूप से याद नहीं रहीं। जब उसे होश आया तो उसने महसूस किया कि उसके साथ छेड़छाड़ की जा रही है। उसने विरोध किया और रुकने की बात कही, लेकिन उसकी बात नहीं मानी गई। आरोप है कि इस दौरान कार में मौजूद तीनों लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। यह सिलसिला रात करीब 1ः45 बजे से सुबह 5 बजे के बीच बताया गया है। सुबह के समय पीड़िता को उसके घर के पास छोड़ा गया। वह किसी तरह घर पहुंची, कुछ देर बाद जब उसे पूरी तरह होश आया, तो शरीर पर चोटों और दर्द का एहसास हुआ। तभी उसे अपनी ईयररिंग, मोजे और अंडरगारमेंट के गायब होने का पता चला। इसके बाद पीड़िता ने घटनाक्रम को समझने की कोशिश की। उसे याद आया कि जिस कार में वह रात भर रही, उसमें डैशकैम लगा हुआ था। उसने कार के डैशकैम के ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड खंगाले। रिकॉर्डिंग में बातचीत और आवाजें मिलीं, जो उसके संदेह की पुष्टि करती थीं। यही रिकॉर्डिंग आगे चलकर जांच का अहम आधार बनी।

तीनों आरोपी गिरफ्तार 
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आईटी कंपनी के सीईओ जयेश, सह-आरोपी गौरव और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पीड़िता को नशे की हालत में लाने के लिए किसी विशेष पदार्थ का इस्तेमाल तो नहीं किया गया।