दुखदः मनाली में झारखंड के पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के पोते की संदिग्ध मौत! दोस्तों के साथ घूमने आया था हिमाचल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Tragic: Former Jharkhand Chief Minister Champai Soren's grandson dies in Manali under suspicious circumstances! He had come to Himachal with friends for a trip; post-mortem report awaited.

कुल्लू। हिमाचल के कुल्लू मनाली से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां घूमने आए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। एक होम स्टे से वीर सोरेन का शव मिला है। वह अपने दोस्तों के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने गए थे। इसी दौरान वहां उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। पुलिस ने बताया कि सिविल अस्पताल मनाली से थाना को सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां मृतक वीर सोरेन का शव स्ट्रेचर पर पाया गया। जांच अधिकारी ने शव का बारीकी से निरीक्षण किया और फोटोग्राफ लिए गए। निरीक्षण के दौरान शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। मृतक के साथ आए उसके मित्र अग्नय वर्मा, निवासी उत्तर प्रदेश का बयान दर्ज किया गया। बयान के अनुसार वीर सोरेन अपने मित्रों के साथ 22 फरवरी को मनाली घूमने गए थे। वे सभी हिमालयन सैलेट होम स्टे, सिमसा, मनाली में ठहरे हुए थे। 23 फरवरी को वे सभी सोलंग-सेथन क्षेत्र घूमने गए थे तथा शाम को पुनः होम स्टे लौट आए। 24 फरवरी को दोपहर लगभग 12ः30 बजे वे सभी आसपास घूमकर वापस होम स्टे पहुंचे, जहां वीर सोरेन सोये हुए थे। उठाने पर उसने बताया कि उसके सिर में अत्यधिक दर्द हो रहा है। इस पर साथियों ने बिलिंकिट के माध्यम से दवा मंगवाकर उसे दी, जिसके बाद वह दोबारा सो गए। लगभग 2ः30 बजे कमरे से गिरने की आवाज सुनाई दी। मौके पर जाकर देखा तो वीर सोरेन बिस्तर से नीचे गिरे हुए थे। तत्पश्चात उसे कृतिन शर्मा की गाड़ी से सिविल अस्पताल मनाली लाया गया। अस्पताल लाते समय उसके मुंह से झाग निकलना शुरू हो गया था। अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा काफी देर तक सीपीआर दी गई, परंतु जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के शव को सुरक्षित रूप से शवगृह, मनाली में रखवाया गया है। इधर सूचना पर सभी के परिजन भी मनाली पहुंच गए हैं।