Oct 13, 2026 Login
Awaaz24x7-government

ब्रेकिंगः उत्तराखण्ड में फिर करवट बदलेगा मौसम! राजधानी समेत कई जिलों में बारिश की संभावना

Breaking: Weather will change again in Uttarakhand! Chances of rain in many districts including the capital

देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों के भीतर राज्य में कई जगहों पर बारिश हो सकती है, हांलाकि इस बार मौसम विभाग ने हल्की बारिश की आशंका जताई है। राजधानी देहरादून  में आज रात तक कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना बनी हुई है। वहीं मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत में बारिश होने की बात कही है। गौरतलब है कि पिछले दिनों मूसलाधार बारिश ने पूरे प्रदेश में हाहाकार मचा दिया था। बारिश के चलते जहां कई मार्ग बंद हो गए, वहीं जानमाल का भी नुकसान हुआ। कुमाऊं क्षेत्र में भारी बारिश के चलते 50 से अधिक लोगों की मौत हो गई जबकि लाखों-करोड़ों की संपत्ति का भारी नुकसान भी हुआ। अब मौसम विभाग द्वारा बारिश की आशंका जताई गयी है। बारिश की संभावना के बीच लोगों की दिलों की धड़कने बढ़ गयी हैं, हांलाकि मौसम विभाग ने हल्की बारिश होने की बात कही है। उधर बारिश के चलते मैदान से लेकर पहाड़ तक अभी भी लोगों की परेशानियां कम नहीं हुई हैं। मैदानी इलाकों में कई जगहों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिसके चलते लोग इधर-उधर रहने को मजबूर हैं। वहीं पहाड़ों पर भूस्खलन के बाद बंद पड़ी सड़कों को प्रशासन द्वारा खुलवाया जा रहा है। वहीं अभी भी कई मार्ग बंद हैं, जिसके चलते यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उधर प्रदेश के मुखिया पुष्कर सिंह धामी लगातार आपदा क्षेत्रों का दौरा कर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। आज धामी पिथौरागढ़ के धारचूला पहुंचे। यहां उन्होंने आपदा पीड़ितों से मिलकर राहत राशि के चेक वितरित किए।