प्रेम-प्रसंग का खूनी अंत: प्रेमिका के घर कट्टा लेकर घुसा प्रेमी, भाई को गोली मारने के बाद तीसरी मंजिल से गिरकर मौत
बिहार की राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-8 बी स्थित एक किराए के मकान में रविवार को प्रेम-प्रसंग से जुड़ी एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। एक सिरफिरा प्रेमी अवैध हथियार के साथ अपनी प्रेमिका के घर में जबरन घुस गया। वहां हुए भारी बवाल, फायरिंग और हाथापाई के बीच 26 वर्षीय प्रेमी प्रियेश रंजन की तीसरी मंजिल से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक युवक मूल रूप से पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) का रहने वाला था। इस खूनी झड़प में युवती का भाई भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है।
स्थानीय सूत्रों और प्रारंभिक जांच से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियेश और युवती के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लेकिन करीब तीन महीने पहले युवती का चयन मोटर वाहन निरीक्षक के पद पर सरकारी नौकरी के लिए हो गया। नौकरी लगते ही युवती ने प्रियेश से दूरियां बनानी शुरू कर दीं और उसके शादी के प्रस्ताव को साफ ठुकरा दिया। प्यार में मिले इस धोखे और इनकार से प्रियेश पूरी तरह आग बबूला हो गया। वह बदला लेने की नीयत से मोतिहारी से अवैध पिस्तौल लेकर पटना के राजीव नगर स्थित उसके किराए के कमरे पर धमक गया। जब प्रियेश रविवार को प्रेमिका के घर पहुंचा, तो युवती वहां मौजूद नहीं थी। कमरे पर उसका भाई अकेला था। प्रियेश ने युवती के भाई पर शादी का दबाव बनाना शुरू किया और उसे सीधे शब्दों में धमकी दी "अगर तुम्हारी बहन ने मुझसे शादी नहीं की, तो मैं तुम्हें जान से मार डालूंगा।" देखते ही देखते दोनों के बीच जुबानी जंग हाथापाई में बदल गई। इसी बीच गुस्से से तमतमाए प्रियेश ने अपनी कमर से पिस्तौल निकाली और सीधे फायरिंग कर दी। गोली सीधे युवती के भाई के कंधे को चीरती हुई निकल गई, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। कमरे के भीतर गोली चलने और जान बचाने की जद्दोजहद के बीच दोनों में भीषण हाथापाई हुई। इसी अफरा-तफरी के दौरान प्रियेश रंजन मकान की तीसरी मंजिल से सीधे नीचे कंक्रीट की सड़क पर आ गिरा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज और भारी धमाके के साथ युवक के नीचे गिरने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही राजीव नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद कर लिए हैं। घायल भाई को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने प्रियेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पटना सेंट्रल की एसपी ममता कल्याणी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा "यह पूरा मामला प्रेम-प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस हर एक पहलू की गहनता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटनाक्रम के सटीक समय और सिलसिलेवार तथ्यों का पता चल सके। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सनसनीखेज मामले के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मृत युवक के दोस्तों तथा प्रेमिका से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि मौत हादसा थी, आत्मरक्षा में हुई घटना या फिर हत्या।