काला इतवार: उत्तराखण्ड में बड़ा हादसा! केदारनाथ से गुप्तकाशी आ रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, सात की मौत, बुरी तरह जल गए शव

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड में आज रविवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। आज सुबह-सुबह केदारनाथ रूट पर श्री केदारनाथ धाम से गुप्तकाशी जा रहा एक हेलीकॉप्टर गौरीकुंड के पास क्रैश हो गया। हेलिकॉप्टर में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में सभी सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 23 महीने का बच्चा भी शामिल है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें रेस्क्यू में जुटी हुई हैं। इस हादसे की खबर से प्रदेशभर में शोक की लहर दौड़ गयी। बता दें कि इससे पहले भी उत्तराखण्ड में कई बार हेलीकॉप्टर हादसे हो चुके हैं। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह आर्यन कंपनी का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। गौरीकुंड क्षेत्र में यह हादसा हुआ है। घटना सुबह 5ः20 बजे की बताई जा रही है। हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की वजह खराब मौसम बताई जा रही है।
हेलिकॉप्टर नोडल अधिकारी राहुल चौबे और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हेलिकॉप्टर के क्रैश होने की पुष्टि की है। गौरीकुंड के ऊपर घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं ने हेलिकॉप्टर क्रैश होने की सूचना दी। जानकारी के अनुसार हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है। एक दंपती और उनका 23 महीने का बच्चा भी शामिल है, जयसवाल परिवार महाराष्ट्र का बताया जा रहा है। दो लोग स्थानीय हैं, विनोद नेगी और विक्रम सिंह रावत शामिल हैं। विक्रम सिंह रावत बीकेटीसी के कर्मचारी थे। मृतकों में राजकुमार जयसवाल, श्रद्धा जयसवाल, काशी जयसवाल, तुष्टि सिंह, विनोद, विक्रम सिंह और कैप्टन राजीव शामिल हैं। शवों के बुरी तरह से जले होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर गौरी माई खर्क से ऊपर जंगल में गिरा है। हेलिकॉप्टर हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है।