कालाबाजारीः रुद्रपुर में गैस एजेंसी का बड़ा खेल बेनकाब! बिना बुकिंग के डिलीवर कर दिया सिलेंडर, विधायक खुद बने फर्जीवाड़े के शिकार
रुद्रपुर। एक तरफ जहां मिडिल ईस्ट तनाव के बीच गैस को लेकर हाहाकार मचा हुआ है, वहीं दूसरी तरफ उत्तराखण्ड में सिलेंडरों की कालाबाजारी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला ऊधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर से सामने आया है। मामला रुद्रपुर के भूरारानी स्थित दुआ गैस एजेंसी का है, यहां एजेंसी पर बिना उपभोक्ताओं की जानकारी के गैस बुकिंग कर उसे डिलीवर दिखाकर कालाबाजारी करने का आरोप लगा है। मामला तब गरमाया जब विधायक शिव अरोड़ा खुद इस फर्जीवाड़े के शिकार बन गए। उनकी पत्नी सीमा अरोड़ा के नाम पर 18 मार्च को बिना बुकिंग के गैस डिलीवरी का मैसेज आया। शिकायत मिलने पर विधायक मौके पर पहुंचे, जहां पहले से कई उपभोक्ता अपनी समस्याएं लेकर मौजूद थे। भाजपा नेता मयंक कक्कड़ समेत कई लोगों ने फर्जी बुकिंग और डिलीवरी की शिकायत की। उपभोक्ताओं ने बताया कि सिस्टम में उनकी अगली बुकिंग की तारीख भी उपलब्ध नहीं थी। गुस्साए लोगों ने एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी की। मामले की सूचना पर तहसीलदार दिनेश और खाद्य आपूर्ति निरीक्षक मलकित सिंह मौके पर पहुंच गए। इस दौरान विधायक ने सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए एजेंसी का लाइसेंस निलंबित करने के निर्देश दिए। विधायक शिव अरोरा ने एजेंसी संचालक को फटकार लगाते हुए कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, फिर भी इस तरह की कालाबाजारी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है।