बिहार:राजा के हत्यारे को पुलिस ने मार दी गोली, बार-बार चेतावनी देने के बाद भी नहीं रुका तो... चलानी पड़ी गोली

पटना। बिहार में पटना पुलिस ने हत्या के आरोप में गिरफ्तार शातिर अपराधी ईशु को भागने की कोशिश के दौरान पैर में गोली मार दी। यह घटना बुधवार देर रात की है, जब पुलिस उसे बिहटा से गिरफ्तार कर राजधानी ला रही थी। रास्ते में ईशु ने शौच का बहाना बनाकर वाहन से उतरकर फरार होने का प्रयास किया । जिसके बाद पुलिस ने उसे रोकने के लिए गोली चलाई। घायल ईशु को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार रात पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में एक युवक राजा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और एक पान दुकानदार जितेंद्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। इस मामले में ईशु मुख्य आरोपी था। वारदात के बाद से वह फरार था,लेकिन पुलिस ने उसे बिहटा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ईशु को रोकने के लिए पहले कई बार चेतावनी दी,लेकिन वह नहीं रुका। तब अंततः पुलिस को गोली चलानी पड़ी। जिससे उसके पैर में गोली लगी,जिसके बाद वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पटना के एसएसपी अवकाश कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी ने जानबूझकर भागने की कोशिश की थी, जिसके बाद पुलिस को मजबूरी में कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने कहा, यह पूरी तरह से नियमानुसार कार्रवाई थी। हमने उसे रोकने के लिए चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना. उसे निशाना बनाने के बजाय पैर में गोली मारी गई ताकि उसे काबू किया जा सके।