अभिनेता नसीरुद्दीन शाह का बड़ा राजनीतिक बयान!जाहिल रहनुमाई अयोग्य नेतृत्व पूरे समाज को अयोग्य बनाना चाहता है,अब "और जुल्म बर्दाश्त नहीं,युवा पीढ़ी के साथ है हम
नई दिल्ली।
बॉलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने एक वीडियो संदेश जारी कर छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी है। उन्होंने मौजूदा परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए छात्रों के साथ हो रहे व्यवहार की आलोचना की और कहा कि देश की युवा पीढ़ी से उन्हें हमेशा उम्मीद रही है।

वीडियो संदेश में नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि यदि किसी अयोग्य व्यक्ति के हाथ में देश की बागडोर हो, तो वह पूरे समाज को भी अयोग्य और संवेदनहीन बनाने की कोशिश करेगा। उन्होंने अपने अभिनय जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) और फिल्म संस्थान से प्रशिक्षण लेने के बावजूद उन्होंने अभिनय की सबसे बड़ी सीख उन विद्यार्थियों से प्राप्त की, जिन्हें उन्होंने पढ़ाया।
उन्होंने कहा कि उनकी पूरी सहानुभूति छात्रों के साथ है और वे उन्हें हर सांस के साथ दुआएं देते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, उसे देखकर उनका दिल दुखी है। शाह ने आरोप लगाया कि छात्रों पर कार्रवाई करने वाले नकाबपोश सुरक्षाकर्मियों का रवैया उन्हें अमेरिका की इमिग्रेशन एजेंसी (आईसीई) के एजेंटों की याद दिलाता है।
नसीरुद्दीन शाह ने संबंधित लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे दूसरों के बच्चों के साथ व्यवहार करते समय अपने बच्चों के बारे में भी सोचें। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को एक दिन अपने कर्मों का परिणाम अवश्य मिलता है।
अपने संदेश के अंत में अभिनेता ने छात्रों से हिम्मत न हारने की अपील की। उन्होंने कहा, "देश के बहुत से लोगों की सहानुभूति आपके साथ है। आप अपनी लड़ाई जारी रखिए। मुझे हमेशा भारत की युवा पीढ़ी से उम्मीद रही है और अब यह उम्मीद और भी मजबूत हुई है। हम सब आपके साथ हैं।"