बड़ी खबर: ऊधम सिंह नगर पुलिस का बड़ा एक्शन! 4 करोड़ 54 लाख के असली-नकली नोट बरामद, गिरोह की आशंका

Big news: Udham Singh Nagar police take major action! 45.4 million rupees in fake and real currency notes recovered, gang suspected.

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में पुलिस ने नकली नोटों के बड़े खेल का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500-500 रुपये के भारी मात्रा में नकली नोट बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 4 करोड़ 54 लाख रुपये के असली और नकली नोट बरामद किए हैं। मामले के खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार गदरपुर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गूलरभोज क्षेत्र के पास कुछ लोग नकली नोटों का कारोबार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। इस दौरान एक खोखे के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से नकली नोटों की गड्डियां बरामद हुईं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को ठगने का काम करते थे। नोटों की गड्डियों में ऊपर और नीचे असली नोट लगाए जाते थे, जबकि बीच में बड़ी संख्या में नकली नोट रखे जाते थे ताकि पहली नजर में गड्डी पूरी तरह असली दिखाई दे। मामले का खुलासा करते हुए बाजपुर के सीओ अखिलेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुनतियाज पुत्र शाहिद निवासी केशव नगर बाजपुर तथा मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी गदरपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नकली नोट और नकदी बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली नोटों का यह नेटवर्क कहां से संचालित हो रहा था और इसमें कितने अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस अब इस पूरे गिरोह की जड़ तक पहुंचने में जुटी हुई है।