बड़ी खबरः तो क्या ‘बीजेपी’ को मिलने वाली है पहली महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष! चर्चाओं का बाजार गर्म, रेस में ये तीन नाम हैं शामिल

Big news: So is BJP going to get its first woman national president? Discussions are rife, these three names are in the race

नई दिल्ली। भाजपा का अगला राष्ट्रीय अध्यक्ष कौन होगा? यह सवाल हर किसी के मन में उठ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसबार बीजेपी को पहली महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल सकती है। हांलाकि इसको लेकर अभी सिर्फ चर्चाएं चल रही हैं। खबरों की मानें तो पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के बीच पिछले कुछ समय से चर्चा चल रही है, जिसमें कई प्रमुख महिला नेताओं के नाम पर विचार किया जा रहा है। ये फैसला संगठनात्मक संतुलन, महिला सशक्तिकरण और आगामी चुनावी रणनीतियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। खबरों की मानें तो बीजेपी में अंदरखाने कुछ नामों पर विचार चल रहा है। इनमें निर्मला सीतारमण, डी पुरंदेश्वरी और वनाथी श्रीनिवासन जैसे नाम शामिल हैं। बता दें कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में अत्यधिक देरी देश की राजनीति में इस वक्त बड़ी चर्चा का विषय बना हुआ है। संसद तक में भी इस मुद्दे पर चुटकियां ली जा चुकी हैं। मौजूदा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का कार्यकाल 2023 के जनवरी में ही खत्म हो गया था। फिर लोकसभा चुनावों की वजह से उनका कार्यकाल जून, 2024 तक बढ़ाया गया। फिर हरियाणा, महाराष्ट्र, जम्मू और कश्मीर के साथ-साथ दिल्ली विधानसभा चुनावों की वजह से उनके कार्यकाल को विस्तार मिलता रहा। बाद में संगठनात्मक चुनावों में देरी से यह चुनाव टलता गया। लेकिन अब जब अधिकतर राज्यों में संगठनात्मक चुनाव हो चुके हैं, ऐसे में पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस महीने पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा।