Sep 17, 2026 Login

बड़ी खबरः एनएसए अजित डोभाल और सीडीएस जनरल सुब्रमणि एक साथ पहुंचेंगे उत्तराखण्ड! अग्निवीरों से करेंगे संवाद

Big News: NSA Ajit Doval and CDS General Subramani to arrive in Uttarakhand together! They will interact with Agniveers.

लैंसडौन। लैंसडौन स्थित गढ़वाल राइफल्स के रेजिमेंटल सेंटर में 19 सितंबर को देश के सुरक्षा तंत्र से जुड़े दो महत्वपूर्ण अधिकारी पहुंचेंगे। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल और चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि 19 सितंबर को लैंसडौन पहुंचेंगे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के दौरे को लेकर सेना की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गढ़वाल राइफल्स के मुख्यालय पहुंचने पर दोनों अधिकारियों का सैन्य परंपराओं के अनुरूप गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा। दोनों अधिकारियों का लैंसडौन में रात्रि प्रवास भी प्रस्तावित है। इस दौरान वे गढ़वाल राइफल्स के अग्निवीरों से मुलाकात कर उनके साथ संवाद करेंगे। इसके साथ ही सेना की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लेकर सैन्य प्रशिक्षण, तैयारियों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी लेंगे। उनके दौरे को देखते हुए रेजिमेंटल सेंटर में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ ही कार्यक्रमों की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल का गढ़वाल राइफल्स के मुख्यालय लैंसडौन का यह पहला दौरा बताया जा रहा है। डोभाल के पहली बार रेजिमेंटल सेंटर पहुंचने को लेकर गढ़वाल राइफल्स के अधिकारियों और जवानों में खासा उत्साह है। वहीं, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि का गढ़वाल राइफल्स के साथ विशेष रेजिमेंटल जुड़ाव रहा है। उनके लैंसडौन दौरे से रेजिमेंटल सेंटर में विशेष उत्साह है। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के एक साथ पहुंचने से 19 सितंबर का दिन गढ़वाल राइफल्स के लिए खास रहने वाला है। दौरे के दौरान सेना की विभिन्न गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी लेने के साथ अग्निवीरों से संवाद भी कार्यक्रम का अहम हिस्सा होगा। इससे युवा सैनिकों को देश की सुरक्षा व्यवस्था के शीर्ष स्तर पर कार्य कर रहे अधिकारियों से सीधे संवाद का अवसर मिलेगा।