हैप्पी बर्थडे: पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर सत्ता पक्ष और विपक्ष ने दी बधाई! खरगे, राहुल और अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने की स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर सुबह से ही देशभर से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं मिलने का सिलसिला जारी है। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देने वालों में सत्ता पक्ष के साथ-साथ विपक्ष के प्रमुख नेता भी शामिल रहे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी पीएम मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी संक्षिप्त संदेश में पीएम मोदी को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सक्रिय और सार्थक जीवन की कामना की। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने भारत को मजबूत बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री के नेतृत्व और समर्पण का उल्लेख करते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प और देश के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों को प्रेरणादायक बताया। जोशी ने लोगों से शाम छह से सात बजे तक प्रधानमंत्री के सम्मान में आशीर्वाद का दीप जलाने की अपील भी की। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने अपने शुभकामना संदेश में अर्थव्यवस्था, डिजिटल क्रांति, अंतरिक्ष, तकनीक, स्वास्थ्य सेवा, बुनियादी ढांचे और विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने आकांक्षी जिले, वाइब्रेंट विलेज और फर्स्ट विलेज जैसी पहलों तथा पूर्वोत्तर को ‘अष्टलक्ष्मी’ के रूप में रेखांकित किए जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में निरंतर काम करने के लिए शक्ति की कामना की।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्रधानमंत्री के करीब 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए स्वच्छ भारत मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, खेलो इंडिया, उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, पीएम किसान और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा, एक्सप्लोरेशन, नवीकरणीय ऊर्जा और एनर्जी डिप्लोमेसी के क्षेत्र में किए गए कार्यों को भी अपने संदेश में शामिल किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने चुनौतीपूर्ण समय में देश को विकसित भारत की दिशा में आगे ले जाने के प्रधानमंत्री के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पीएम मोदी को राष्ट्रीय सेवा और समर्पण का प्रतीक बताते हुए ‘नेशन फर्स्ट’, सुशासन और जनकल्याण की भावना का जिक्र किया। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने भी प्रधानमंत्री के करीब 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए ‘नेशन फर्स्ट’ और अंत्योदय की भावना को रेखांकित किया।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प का भी उल्लेख किया। पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में प्रधानमंत्री के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए भारत के मजबूत और प्रगतिशील भविष्य की यात्रा की बात कही और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं खुशी की कामना की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई अन्य नेताओं ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी। योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और सेवा के संकल्प का उल्लेख किया। वहीं अमित शाह ने वीडियो और पुरानी तस्वीरों के जरिए प्रधानमंत्री के राजनीतिक सफर को याद किया। अभिनेता एवं पूर्व सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन से पहले पुराने फोटो साझा कर उन्हें खुशहाली, शांति और लंबी उम्र की शुभकामनाएं दी।