बड़ी खबरः अब मथुरा में पकड़े गए 90 बांग्लादेशी नागरिक! बच्चों समेत सभी को पुलिस ने हिरासत में लिया, ईंट भट्टों पर कर रहे थे मजदूरी

नई दिल्ली। देश में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। अभी हाल ही में दिल्ली में 13 बांग्लादेशी घुसपैठिए पकड़े गए थे। वहीं अब यूपी के मथुरा में शुक्रवार को बड़ी संख्या में बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने जानकारी दी कि इन लोगों में कई छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हैं। कुल मिलाकर 90 लोगों को पकड़ा गया है, जिन पर भारत में अवैध रूप से रहने का आरोप है। यह कार्रवाई मथुरा के नौझील थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग खाजपुर गांव के पास बने ईंट भट्टों में काम कर रहे हैं और वे विदेशी नागरिक हो सकते हैं। खबरों के मुताबिक पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर जांच की तो पाया कि ये सभी लोग बांग्लादेश से आए हुए हैं और उनके पास भारत में रहने के वैध दस्तावेज नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए लोगों में 35 पुरुष, 27 महिलाएं और 28 बच्चे शामिल हैं। यह सभी खाजपुर गांव के ईंट भट्टों में मजदूरी कर अपना गुजारा कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इन सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही इनके पास मिले दस्तावेजों की भी गहन जांच की जा रही है कि ये कब और कैसे भारत में दाखिल हुए। स्थानीय प्रशासन अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि इन्हें यहां किसने काम पर रखा और इनके आने का रास्ता क्या था। यदि इन पर अवैध प्रवेश और अवैध काम का मामला साबित होता है तो इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।