गुजरात में भीषण सड़क हादसाः तेज रफ्तार बस ने कार को मारी टक्कर! 7 महिलाओं समेत 8 की मौत, कई घायल
नई दिल्ली। गुजरात के साबरकांठा जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर एक तेज रफ्तार निजी बस ने एक कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार में सवार सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा गंभोई गांव के पास उस समय हुआ, जब अरावली जिले के मोडासा से महिलाओं को लेकर एक कार हिम्मतनगर के हुंज गांव की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी महिलाएं एक कैटरिंग टीम का हिस्सा थीं और एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रही थीं। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। घायलों को तुरंत गंभोई और हिम्मतनगर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में परिजनों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। अपने प्रियजनों को खोने वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में गमगीन माहौल बना हुआ है। पुलिस उपाधीक्षक एके पटेल के अनुसार यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग 48 पर हुआ, जहां बस ने कार को पीछे से टक्कर मारी। प्रारंभिक जांच में बस की तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। वहीं पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अंजू बेन, नीता बेन, मीनाक्षी बेन, कामिनी बेन, कंचन बेन, नीता बेन, रेखा बेन और अनिल कुमार के रूप में हुई है।